रायपुर

3 प्रतिशत डीआर पर चुप्पी क्यों? मध्यप्रदेश की सहमति के बाद भी आदेश लंबित—पेंशनरों के साथ खुला अन्याय
02-Apr-2026 5:58 PM
3 प्रतिशत डीआर पर चुप्पी क्यों? मध्यप्रदेश की सहमति के बाद भी आदेश लंबित—पेंशनरों के साथ खुला अन्याय

रायपुर, 2 अप्रैल। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए पूछा है कि जब मध्यप्रदेश शासन से सहमति मिले 10 दिन बीत चुके हैं, तब भी पेंशनरों को 3 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) का आदेश जारी करने में आखिर किस बात का इंतजार किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक देरी नहीं, बल्कि पेंशनरों के साथ स्पष्ट भेदभाव और अन्याय है। एक ओर कर्मचारियों को 3त्न महंगाई भत्ता (डीए) का आदेश 12 जनवरी 2026 को तत्काल जारी कर दिया जाता है, वहीं पेंशनरों को अनावश्यक रूप से प्रतीक्षा में रखा जाना सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।महासंघ ने स्पष्ट किया कि पेंशनरों को डीआर देने हेतु 9 फरवरी 2026 को प्रस्ताव मध्यप्रदेश शासन को भेजा गया था, जिस पर 23 मार्च 2026 को मध्यप्रदेश कैबिनेट द्वारा सहमति प्रदान कर दी गई है। मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 2000 की धारा 49(6) के अंतर्गत आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, इसके बावजूद आदेश जारी न होना असमझ और अस्वीकार्य है। महासंघ ने यह भी आरोप लगाया कि पेंशनरों के साथ लगातार उपेक्षा की जा रही है। 81 माह का लंबित डीआर एरियर अब तक नहीं दिया गया है, जिससे लाखों पेंशनरों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। सरकार से कड़ी मांग की है कि पेंशनरों के लिए 3त्न डीआर का आदेश तत्काल जारी किया जाए। 81 माह के लंबित डीआर एरियर के भुगतान पर स्पष्ट निर्णय लिया जाए।

चेतावनी भी दी: महासंघ ने दो टूक कहा है कि यदि अब भी सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो पेंशनर समुदाय को आंदोलन की राह अपनाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


अन्य पोस्ट