रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 अप्रैल। आज विश्व ऑटिज़्म जागरूकता दिवस के अवसर पर कोपलवाणी स्कूल के स्पीच थेरेपी सेंटर के बच्चे अपने माता-पिता एवं शिक्षकों के साथ लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका से भेंट की।
राज्यपाल ने बच्चे, उनके अभिभावकों तथा विशेष बच्चों के लिए समर्पित शिक्षकों से आत्मीय संवाद किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
डेका ने सभी के साथ मिलकर नीले रंग के गुब्बारे आकाश में छोडक़र यह संदेश दिया कि समाज में हर बच्चे को समान अवसर, समझ और स्वीकार्यता मिलनी चाहिए।
इस अवसर पर राज्यपाल श्री डेका ने संस्था के बच्चों के आवागमन की सुविधा के लिए अपने स्वेच्छानुदान मद से प्रदत्त ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कोपलवाणी की डायरेक्टर श्रीमती पद्मा शर्मा ने बताया कि यह पहला अवसर है जब विशेष बच्चे लोकभवन पहुँचे हैं। अभिभावकों ने भी इसे गर्व का विषय बताया कि उनके बच्चे आज राज्यपाल से भेंट कर रहे हैं।