रायपुर

ट्रेड यूनियन का काला दिवस, सभाओं में नए लेबर एक्ट का विरोध किया
02-Apr-2026 5:56 PM
ट्रेड यूनियन का काला दिवस, सभाओं में नए लेबर एक्ट का विरोध किया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 अप्रैल। देशभर में नए श्रम संहिताओं की वापसी की मांग को लेकर ट्रेड यूनियन ने आज 1 अप्रैल  को काला दिवस मनाया गया। छत्तीसगढ़ के सभी जिलों और संस्थानों में भी मजदूरों ने इस दिन को काला दिवस के रूप में मनाया और विरोध जताया।

रायपुर में आयोजित प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच के संयोजक और एआईआईईए के अध्यक्ष धर्मराज महापात्र ने कहा कि केंद्र सरकार ने श्रम सुधार और  इज आफ डूइंग बिजनेस के नाम पर नियोक्ता-समर्थक श्रम संहिताएं लाई हैं। इनका मजदूरों पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है।

महापात्र ने कहा कि ये नई संहिताएं मजदूरों को फिर से ब्रिटिश काल जैसी शोषण वाली स्थिति में धकेल रही हैं। यूनियन बनाना मुश्किल और बंद करना आसान हो जाएगा। नियोक्ताओं के गलत कामों को अपराध की श्रेणी से बाहर करना, काम के घंटे मनमाने ढंग से बढ़ाना, हड़ताल का अधिकार लगभग खत्म करना, फिक्स्ड टर्म रोजगार को बढ़ावा देना, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षा मानकों को कमजोर करना और न्यूनतम वेतन को और कम करना आसान हो जाएगा। यह सब कर्मचारियों के विरोध में होगा।

आरडीआईईयू के महासचिव गजेंद्र पटेल ने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे इस संघर्ष का समर्थन करें, क्योंकि लोकतंत्र में यूनियन बनाने और अधिकारों के लिए लडऩे का अधिकार बहुत जरूरी है।

सभा की अध्यक्षता आरडीआईईयू के अध्यक्ष राजेश पराते ने की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मजदूर और ट्रेड यूनियन कार्यकर्ता शामिल हुए।


अन्य पोस्ट