रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 मार्च। गोलबाजार में पुलिस ने जमीन धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। शैलेश कुमार धुरंधर ने परिचित अनिमेश मिश्रा पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उसने बताया कि कलेक्टर जन शिकायत एवं निवारण प्रकोष्ठ में शिकायत आवेदन दिया था। जिसके आधार पर जांच की गई
जांच के दौरान यह सामने आया कि डगनिया स्थित कृष्णसखा गृहनिर्माण सहकारी समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार वर्मा एवं सदस्य अनिमेश मिश्रा ने उसकी भूमि के दस्तावेजों में कूटरचना कर न्यायालय के समक्ष गलत जानकारी प्रस्तुत की गई। मामला भूखण्ड क्रमांक 47 को लेकर है। जिस पर दोनों पक्षों—धुरंधर बिल्डर्स एवं समिति ने अलग-अलग खसरा नंबरों के आधार पर स्वामित्व का दावा किया जा रहा है। उक्त भूमि को लेकर विवाद पहले से ही सिविल न्यायालय में लंबित है। वर्ष 2018 में नायब तहसीलदार ने अनिमेश मिश्रा का नामांतरण आवेदन निरस्त किया जा चुका था। इसके बावजूद वर्ष 2024 में पूर्व आदेश एवं लंबित न्यायालयीन प्रकरण की जानकारी छुपाते हुए शपथ पत्र के माध्यम से पुन: नामांतरण कराया गया।
राजस्व के प्रतिवेदन में भी यह उल्लेख किया गया कि अनिमेश मिश्रा ने पूर्व की जानकारी छुपाकर नामांतरण आवेदन प्रस्तुत किया। साथ ही समिति अध्यक्ष द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र को भी संदिग्ध एवं कूटरचित पाया गया।
आरोपियों ने न्यायालय को गुमराह कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भूमि हड़पने का प्रयास किया। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपियों के विरूद्ध धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है।