रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 मार्च। तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार भाई बहन को अपनी चपेट में लिया। इसमें भाई गंभीर रूप से घायल हैं उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पिछले माह आला अफसरों के निरीक्षण और उसके बाद दिए गए निर्देशों के बाद भी तेलीबांधा चौक की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारी नहीं जा सकी है।
मिली जानकारी अनुसार यह घटना रविवार को सुबह 10-10.30 के बीच हुई। सत्ती बाजार निवासी आशुतोष हलवाई अपनी बहन के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। वह वीआईपी क्लब में क्रिकेट अकादमी में प्रैक्टिस के बाद आ रहा था। इसी दौरान तेलीबांधा ट्रैफिक सिग्नल पर दोनों खड़े थे। ग्रीन सिग्नल होते ही दोनों जाने लगे तो विपरीत दिशा के रेड सिग्नल को तोड़ते हुए आ रहे तेज रफ्तार ट्रक नं सीजी 04 पी?ई 7977 ने अपनी चपेट में ले लिया। और इसके बाद भी न रूक कर भागने लगा। लोगों की मदद से पुलिस ने थोड़ी दूर पर उसे पकड़ा।इधर इसमें आशुतोष और बहन घायल हो गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां आज आशुतोष का आपरेशन किया जा रहा है। उसके पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। आशुतोष कक्षा नवमी का छात्र है उसकी मां डीपीएस में शिक्षिका है। पुलिस ने उनके देवर रमन हलवाई की रिपोर्ट पर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ धारा 281,125 ए के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
बहरहाल पुलिस इस दुर्घटनाजन्य चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था नहीं सुधार पा रही है। पिछले महीनों में जिला कलेक्टर, निगम आयुक्त समेत एनएचआई के अधिकारियों के साथ ट्रैफिक पुलिस ने निरीक्षण किया था। इस दौरान कई व्यवस्थाएं करने के निर्देश निर्णय लिए गए थे। इन पर अब तक कार्रवाई नहीं की जा सकी है। कुछ अर्से पहले भी एक बैंक अपर की बेटी को एक आईएएस अफसर की पत्नी ने अपनी कार से कुचल दिया था। उस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी है।