रायपुर

गैस किल्लत से नाश्ते के कारोबार पर संकट, बढ़े दाम-घटी बिक्री
30-Mar-2026 8:11 PM
गैस किल्लत से नाश्ते के कारोबार पर संकट, बढ़े दाम-घटी बिक्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 मार्च। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब सीधे आम लोगों तक पहुंचने लगा है। इसका प्रभाव राजधानी में साफ देखने को मिल रहा है। जहां नाश्ता सेंटरों और छोटे होटल व्यवसायियों को गैस सिलेंडर की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। इस संकट ने न केवल खाने-पीने की चीजों की कीमतों को बढ़ा दिया है, बल्कि कारोबारियों की कमर भी तोड़ दी है।

शहर में संचालित नाश्ता सेंटरों पर इन दिनों हालात बदले हुए नजर आ रहे हैं। जहां पहले सुबह से लेकर देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ लगी रहती थी, वहीं अब ग्राहकों की संख्या में गिरावट देखने को मिल रही है। इसका कारण बढ़ती महंगाई है। समोसा, बड़ा, इडली, डोसा जैसे आम नाश्ते अब या तो महंगे हो गए हैं या फिर उनके आकार में कमी कर दी गई है।

नाश्ता सेंटर संचालकों का कहना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों नहीं मिल पा रहे हैं। जहां घरेलू गैस सिलेंडर 25 से 40 दिनों के भीतर मिल जा रहे हैं, वहीं व्यवसायिक उपयोग के लिए मिलने वाले गैस सिलेंडर  समय पर नहीं मिल रहे है। जो है वो पर्याप्त नहीं। ऐसे में रोजाना नास्ता तैयार करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

कारोबारियों ने बताया कि पहले एक दिन में जहां करीब एक हजार समोसे बनकर बिक जाते थे, वहीं अब यह संख्या घटकर आधी रह गई है। बिक्री में आई इस गिरावट का सीधा असर उनकी आमदनी पर पड़ा है। कई संचालकों का कहना है कि मजदूरों का खर्च निकालना भी अब मुश्किल हो गया है। काम कम होने के कारण कुछ जगहों पर कर्मचारियों की संख्या भी घटानी पड़ी है।

महंगाई से निपटने के लिए कई नाश्ता सेंटर संचालकों ने अपने-अपने स्तर पर उपाय भी अपनाने लगे हैं। कुछ ने नाश्ते की प्लेट के दाम बढ़ा दिए हैं, तो कुछ ने मात्रा और आकार में कटौती कर दी है। हालांकि, इन उपायों से ग्राहक नाराज हो रहे हैं।

प्राथमिक ईंधन की ओर रुख

गैस की कमी से जूझ रहे कई कारोबारियों ने अब पारंपरिक ईंधन जैसे लकड़ी, कोयला का सहारा लेना शुरू कर दिया है। लकड़ी एलपीजी की तुलना में सस्ती जरूर है, लेकिन इसमें खाना बनाने में ज्यादा समय लगता है और मेहनत भी अधिक करनी पड़ती है।

इसके बावजूद मजबूरी में कई संचालक इसी विकल्प को अपना रहे हैं ताकि उनका कारोबार किसी तरह चलता रहे।

 इलेक्ट्रिक विकल्प भी कारगर नहीं

कुछ जगहों पर इंडक्शन चूल्हों और अन्य इलेक्ट्रिक उपकरणों का उपयोग कर रहे है, लेकिन ये विकल्प सफल साबित नहीं हो रहे हैं। व्यवसायियों का कहना है कि अधिक मात्रा में खाना बनाने में बिजली से चलने वाले उपकरण कारगर नहीं हैं। इसके अलावा बिजली का खर्च भी अधिक आता है और लगातार उपयोग में जोखिम भी बना रहता है।

 बंद होने की कगार पर छोटे व्यवसाय

गैस सिलेंडर की आपूर्ति में अनियमित के चलते कई छोटे नाश्ता सेंटर अब बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। संचालकों का कहना है कि जब ईंधन ही नहीं होगा, तो वे नाश्ता कैसे तैयार करेंगे। जो थोड़ा बहुत गैस मिल रहा है, उसी से काम चल रहा है।

आम लोगों पर भी असर

इस स्थिति का असर सिर्फ कारोबारियों तक नहीं है, बल्कि आम लोगों की जेब पर भी पड़ रहा है। जो नाश्ता पहले सस्ते में मिलता था, अब उसके लिए ज्यादा पैसे चुकाने पड़ रहे हैं। वहीं नास्ते के आकर में भी कमी आई है। जिसका असर स्थानीय बाजारों तक पहुंच चुका है।


अन्य पोस्ट