रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 मार्च। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की राष्ट्रीय कोर कमेटी की तीन दिवसीय राष्ट्रीय बैठक राजस्थान के कोटा में राष्ट्रीय अध्यक्ष सी. एच. सुरेश की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय महामंत्री वीरेन्द्र नामदेव एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री टी. पी. सिंह की सक्रिय सहभागिता रही। बैठक में बताया गया कि आठवें वेतनमान आयोग हेतु सुझावों को अंतिम रूप देकर पोर्टल के माध्यम से प्रेषित किया गया। वहीं संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं पेंशनर्स के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसमें राष्ट्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 11-12 जुलाई को दिल्ली में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु राष्ट्रीय महामंत्री एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री को अधिकृत किया गया। प्रत्येक राज्य को 31 मार्च 2027 तक न्यूनतम 100 आजीवन सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया। इसके अतिरिक्त महासंघ की स्मारिका के प्रकाशन को अंतिम रूप दिया गया तथा आगामी दिल्ली बैठक में उसका विमोचन कराने का निर्णय लिया गया। संगठन विस्तार के लिए पटना, भोपाल एवं झारखंड में प्रवास की जिम्मेदारी भी राष्ट्रीय पदाधिकारियों को सौंपी गई।