रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 मार्च। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्य सचिव से भेंट की। इस अवसर पर फेडरेशन ने अपनी मांगों को विस्तार से मुख्य सचिव के समक्ष प्रस्तुत किया।
मुख्य सचिव ने धैर्यपूर्वक सभी बिंदुओं को सुना और कहा कि सरकार कर्मचारियों की जायज़ मांगों एवं समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही ठोस एवं सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे। प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने एक अन्य मांग पत्र सौंपते हुए उन्होंने बताया कि विगत सात वर्षों से राज्य स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित नहीं होने से कर्मचारी संगठनों में नाराजगी है। इस पर मुख्य सचिव ने शीघ्र बैठक आयोजित कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने आगे बताया कि प्रदेश में आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली के क्रियान्वयन में आ रही तकनीकी समस्याओं से भी मुख्य सचिव को अवगत कराया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि इस व्यवस्था के क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों को नियम विरुद्ध दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए। शासकीय सेवकों को स्वेच्छा से सहयोग करना चाहिए, ताकि शासन की छवि और बेहतर बन सके।
फेडरेशन द्वारा विभागों में सक्षम अधिकारियों की उपलब्धता के बावजूद महत्वपूर्ण पदों पर सेवानिवृत्त अधिकारियों को दी जा रही संविदा नियुक्तियों के संबंध में सुझाव दिए गए, जिन पर मुख्य सचिव ने सहमति व्यक्त की तथा रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने का आश्वासन दिया। झारखंड एवं उत्तराखंड की भांति प्रदेश के पेंशनरों को भी राहत देने की मांग की गई। इस पर मुख्य सचिव ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक एवं प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के पवन कुमार शर्मा उप संयोजक, चंद्रशेखर तिवारी महासचिव,प्रमुख सलाहकार बी.पी. शर्मा, प्रांतीय सचिव संजय सिंह, प्रांतीय प्रवक्ता पंकज पांडेय,सलाहकार जी आर चंद्रा, कार्यालय मंत्री जय कुमार साहू उपस्थित रहे।