रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 मार्च। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में चार माह पूर्व ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही छापेमारी के दौरान 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जबकि ड्रग तस्कर चंदन ठाकुर और ऋषभ फरार हो गए थे। अब पुलिस ने चंदन ठाकुर को नागपुर से पकड़ लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में ड्रग सप्लाई करते थे। फरार आरोपियों के खिलाफ न्यू राजेंद्र नगर थाना में धारा 21(बी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
गौरतलब है कि 22 दिसंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अमलीडीह स्थित वरुण अपार्टमेंट में छापेमारी की थी। यहां से अमन शर्मा और शुभम सिग्नापुरे सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों के कब्जे से 11.560 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग 83 हजार रुपये), 4 मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद, कुल करीब 1.63 लाख रुपये का माल जब्त किया गया था।
पूछताछ के दौरान फरार आरोपियों की जानकारी मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चंदन ठाकुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब दूसरे फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।