रायपुर
अभनपुर, 28 मार्च। गैस सिलेंडर रिफिलिंग की समय सीमा को लेकर राज्य सरकार के हालिया निर्णय पर राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई है। पूर्व मंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने इस निर्णय का विरोध करते हुए इसे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच भेदभावपूर्ण बताया है। धनेंद्र साहू ने कहा कि सरकार के निर्देशों के अनुसार शहरी उपभोक्ताओं को जहां 25 दिनों में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का प्रावधान है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यह अवधि 45 दिन निर्धारित की गई है। उनके अनुसार, यह व्यवस्था ग्रामीण उपभोक्ताओं के साथ असमानता दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस तरह का निर्णय ग्रामीण परिवारों की दैनिक जरूरतों को प्रभावित कर सकता है। साथ ही, उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को कम आंका जा रहा है। धनेंद्र साहू ने मांग की कि इस निर्णय को वापस लेकर पूरे प्रदेश में एक समान नियम लागू किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मुद्दे पर पुनर्विचार नहीं किया गया, तो उनकी पार्टी इस विषय को लेकर आगे आंदोलन कर सकती है।