रायपुर

नक्सल प्रभावित जिलों में 30 हजार महीना हो परिवार की आय
27-Mar-2026 10:49 PM
 नक्सल प्रभावित जिलों में 30 हजार महीना हो परिवार की आय

 सीएस ने ली कार्यशाला

छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 27 मार्च। छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सलवाद से मुक्त हुए क्षेत्रों में तीव्र, स्थायी एवं समावेशी विकास सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को राज्यस्तरीय परामर्श कार्यशाला का आयोजन किया। मुख्य सचिव विकास शील ने कहा कि इन क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों के आधार पर आजीविकामूलक गतिविधियों के संचालन एवं संवर्धन पर विशेष जोर दिया जाए।

कार्यशाला में बताया गया कि नक्सल प्रभावित 8 जिलों के परिवारों की आय 30 हजार रुपये प्रतिमाह तक बढ़ाने का लक्ष्य है। इसके लिए विविधीकरण, सामूहिकीकरण, प्रौद्योगिकी एवं संतृप्ति के चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित रणनीति अपनाई जाएगी।

कार्यशाला में क्लस्टर आधारित एवं ब्लॉक केंद्रित आजीविका मॉडल पर चर्चा की गई, जिसमें कृषि, पशुपालन, वनोपज, मत्स्य पालन, हस्तशिल्प एवं सूक्ष्म उद्यमों को जोडक़र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की योजना है। इसके अलावा, उत्पादन से लेकर विपणन तक संपूर्ण मूल्य श्रृंखला को सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे उत्पादकों को बेहतर मूल्य प्राप्त हो सके और उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो।

कार्यशाला में जिला, विकासखंड एवं क्लस्टर स्तर पर त्रिस्तरीय योजना निर्माण एवं क्रियान्वयन की रूपरेखा पर चर्चा की गई। स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार कर उन्हें तेजी से लागू किया जाएगा। राज्य सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आय में वास्तविक वृद्धि सुनिश्चित करना है।


अन्य पोस्ट