रायपुर

स्कूटी कार से टकराई फिर विवाद, तोडफ़ोड़ भी
26-Mar-2026 6:06 PM
स्कूटी कार से टकराई फिर विवाद, तोडफ़ोड़ भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 मार्च।   शहर में अलग-अलग थाना इलाकों से मारपीट और विवाद की तीन घटनाएं सामने आई हैं। इन मामलों में आरोपियों ने गाली-गलौज, मारपीट और तोडफ़ोड़ की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने शिकायत पर मामलों में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इनमें खम्हारडीह में गाड़ी टकराने के बाद टैक्सी चालक से मारपीट, गाड़ी हटाने और महिला का पीछा करने की बात पर विवाद हमले हुए।

खम्हारडीह पुलिस के मुताबिक पत्रकार कॉलोनी निवासी सर्वेश ने शिकायत दर्ज कराई है कि 25 मार्च की रात 10.30 बजे वह रेलवे स्टेशन से टैक्सी लेकर  घर लौट रहा था। संत साधना पेट्रोल पंप के पास सडक़ पार करते समय तेज रफ्तार स्कूटी सवार दो युवक उनकी टैक्सी के सामने कट मारकर अचानक ब्रेक लगाए, जिससे स्कूटी फिसलकर टैक्सी से टकरा गई। इसके बाद दोनों युवक गाली-गलौज करते हुए सर्वेश के साथ मारपीट करने लगे और जान से मारने की धमकी दी। एक युवक ने ईंट से टैक्सी के कांच भी तोड़ दिया।

कोतवाली के बैजनाथपारा निवासी अब्दुल रेहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 24 मार्च की रात चाय दुकान के पास गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान साहिल मेमन और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और डंडे से मारपीट की। घटना में रेहान को चेहरे, हाथ, सीना और पेट में चोटें आई हैं। तेलीबांधा इलाके में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है कि 25 मार्च की रात ढाबे से लौटते समय उसकी पत्नी का एक्टिवा सवार दो युवक पीछा कर रहे थे। इस बात को लेकर विवाद हुआ।

बाद में देर रात  2.40 बजे वही युवक अपने साथियों के साथ आए और महिला और उसके पति के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट