रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 मार्च। नवा रायपुर के गांवों में बिजली की आंख मिचौली से ग्रामीण परेशान हैं। बताया गया कि मुख्य लाइन में तकनीकी समस्या की समस्या से बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। नवा रायपुर से महज 9-10 किलोमीटर की दूरी पर बसे ग्राम कुर्रू, पचेड़ा और खंडवा में गर्मी शुरू होते ही बिजली कटौती लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। खास बात यह है कि ये गांव नवा रायपुर से लगे उन 27 गांवों में शामिल हैं, जिनके आसपास ही शहर का विस्तार हुआ है, लेकिन सुविधाओं के मामले में अभी भी ये पीछे नजर आते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, इन क्षेत्रों में दिन और रात दोनों समय बार-बार बिजली गुल हो जाती है, जिससे पेयजल आपूर्ति, खेती-किसानी के काम और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। भीषण गर्मी में लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस पूरे मामले पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एई यश साहू ने 'छत्तीसगढ़' से चर्चा में बताया कि मुख्य लाइन में ट्रिप आदि के कारण ऐसी स्थिति बन रही है। विशेषकर गर्मियों में यह ज्यादा होती है। इसे दूर करने के लिए मरम्मत आदि का कार्य चल रहा है।
इन गांवों की बिजली आपूर्ति का मुख्य कार्यालय अभनपुर में है, जबकि संबंधित सब-स्टेशन भेलवाडीह में स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली आपूर्ति को दुरुस्त किया जाए, लाइन मेंटेनेंस मजबूत किया जाए और ट्रिपिंग की समस्या पर तत्काल नियंत्रण किया जाए, ताकि शहर के पास बसे इन गांवों को भी बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके।