रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 मार्च। शहर से लगे गांव बरौदा के लुमेश साहू छत्तीसगढ़ के पहले ‘एनालॉग एस्ट्रोनॉट कैंडिडेट’ बन गए हैं। वे मिशन कंमाडर के लिए नियुक्त किए ग?ए हैं।ज्ञानदीप विद्या मंदिर मांढर से अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण करने के पश्चात् ,आईटीएम यूनिवर्सिटी से बायोटेक्नोलॉजी में छात्र लुमेश साहू ने स्नातक किया।वे अपने साथ 3 अन्य क्रू मेंबर्स की कमान संभाल रहे हैं। यह स्पेस मिशन पूरे एक सप्ताह तक चलेगा। इस दौरान ‘मिशन कमांडर’ लुमेश और उनकी टीम का बाहरी दुनिया से कोई भी संपर्क नहीं रहेगा।
अंतरिक्ष के असली और कठिन हालातों, जैसे चंद्रमा या मंगल ग्रह पर होने वाले कम्यूनिकेशन डिले (संचार में देरी) और अकेलेपन का सटीक अनुभव करने के लिए, पूरी टीम को पूर्ण आइसोलेशन में रहना होगा। यह सिमुलेशन भविष्य के एस्ट्रोनॉट्स को शारीरिक और मानसिक रूप से डीप-स्पेस मिशन के लिए तैयार करने का एक बेहद अहम हिस्सा है।
लुमेश साहू वर्तमान में अरकासा स्पेस आर्किटेक्चर संगठन में एक ‘स्पेस बायोटेक्नोलॉजी रिसर्चर’ के रूप में कार्यरत हैं। यह खास एनालॉग मिशन गुजरात के धोलावीरा में आयोजित किया जा रहा है, जिसका संचालन आका स्पेस स्टूडियो कर रहा है। धोलावीरा का अनूठा भूभाग इन चुनौतीपूर्ण अंतरिक्ष सिमुलेशन के लिए एकदम अनुकूल है।