रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 मार्च। शासकीय दू.ब. महिला स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय में सात दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. जया तिवारी के संरक्षण में आयोजित कार्यशाला में शैक्षणिक, ऐतिहासिक, मनोवैज्ञानिक,सामाजिक ,साहित्यिक विश्लेषण किये गए। कार्यक्रम में सैद्धांतिक जेंडर स्टडीज और व्यावहारिक अनुप्रयोग पर बात की गई।
इस दौरान वक्ताओं में डॉ. जे.सी. अजवानी, प्रो. नीलिमा चौहान , राकेश चतुर्वेदी ने , लैंगिक असमानता ,स्त्री मुक्ति और समान अवसर जैसे मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किये। सामाजिक पूर्वाग्रहों पर विचार और समभाव को अपने स्तर पर लागू करने की प्रेरणा दी। विद्या राजपूत की मर्मस्पर्शी अनुभव जनित विचार और डॉ. जया जादवानी के साहित्यिक विश्लेषण के माध्यम से, इस कार्यक्रम ने पारंपरिक जेंडर बॉक्स को चुनौती दी और मानवीय क्षमता की एक विस्तृत समझ (स्पेक्ट्रम-आधारित) पर जोर दिया। कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्य डॉ. किरण गजपाल ने जेन-जी दृष्टिकोण पर विचार रखे।
अंतिम दिन की शुरुआत जाकिर हुसैन कॉलेज दिल्ली से आईं प्रो. नीलिमा चौहान के विचारोत्तेजक सत्र से हुई। उनका व्याख्यान दैनिक सामाजिक और व्यावसायिक अंत:क्रियाओं में अनलर्निंग (सीखी हुई रूढिय़ों को भूलने) के व्यावहारिक अनुप्रयोग पर केंद्रित था। प्रो. चौहान ने इस बात पर जोर दिया कि लैंगिक समानता केवल एक नीतिगत लक्ष्य नहीं है, बल्कि व्यक्तिगत और सामाजिक मानदंडों को चुनौती देने की एक निरंतर प्रक्रिया है।
इस कार्यक्रम में संयोजक डॉ. रश्मि दुबे एवं सचिव डॉ. गौतमी भतपहरी डॉ. प्रमिला नागवंशी, डॉ. मुक्ता मल्होत्रा, डॉ. प्रतिभा साहू, एवं एडवाइजरी समिति से डॉ के के हैरिस ,डॉ रितु मारवाह ,डॉ स्वप्निल कर्महे, तथा मीडिया प्रभारी डॉ कल्पना मिश्रा तथा डॉ आरती उपाध्याय व महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता शोधार्थी उपस्थित रहे।