रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 मार्च। राजधानी में अलग-अलग थाना इलाकों में रंजिश पर मारपीट, गाली-गलौच और गाड़ी टकराने के बाद विवाद के मामले सामने आए हैं। मौदहापारा पुलिस के मुताबिक मोहम्मद सादिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह गफूर मस्जिद के पास रहता है। पेशे से ऑटो चालक है उसने कल शाम थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 मार्च 2026 की रात 11.15 बजे वह सामुदायिक भवन के सामने जुबैर पान ठेला के पास खड़ा था। इसी दौरान सद्दाम नामक व्यक्ति पुरानी रंजिश को लेकर आया और गाली-गलौच करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और सिर पकडक़र पास खड़ी कार में टक्कर मार दी, जिससे उसके चेहरे पर चोट आई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। उधर तेलीबांधा केजीवन विहार कॉलोनी निवासी हर्षल आर्या ने बताया कि 21 मार्च की रात 10.15 बजे वह अपनी कार से जिम से घर लौट रहा था। आकांक्षा स्कूल के पास ब्रेकर पर ब्रेक लगाने के दौरान पीछे से आ रही कार सीजी 04 एलक्यू 9625 ने उसकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। जब वह बात करने के लिए रुका तो आरोपी चालक मौके से भाग गया। आर्यन उसका कुछ दूर तक पीछा किया। लेकिन वह वहां से तेज रफ्तार में निकल गया। इसके बाद जब अर्यन अपने घर के पास पहुंचा तो आरोपी वहां आ गए और गाली-गलौच करले लगे। विरोध करने पर धमकी देकर हाथ मुक्के से मारपीट कर कार का पीछे का कांच तोड़ दिया। उधर बोरियाखुर्द शिव विहार निवासी कुंती ने शिकायत में बताया कि 22 मार्च की दोपहर 1 बजे सुमन सोनी और सपना सोनी उसके घर आईं और मकान के दस्तावेज की मांग करने लगीं। पूरा पैसा देने की बात कहने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथापाई की। मारपीट में कुंती के दोनों हाथों में चोट आई और कपड़े भी फट गए। तीनों मामलों की संबंधित थाना पुलिस जांच कर रही है।