रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 मार्च। गंज पुलिस ने दो युवकों को अवैध मादक पदार्थ (एमडी ड्रग्स) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से स्कूटी, ड्रग्स और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक्सप्रेस-वे पर मनोज मानिकपुरी के पानठेला के पास दो युवक स्कूटी में बैठकर ड्रग्स बेचने की फिराक में खड़े हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। मौके पर बताए गए हुलिये के दो युवकों को पकड़ा गया, जिन्होंने अपना नाम अनिकेत शुक्ला (26 वर्ष), निवासी विधानसभा स्वर्णभूमि मीत अंदानी (22 वर्ष), निवासी फाफाडीह का बताया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद स्कूटी की डिक्की से एक पैकेट में सफेद पाउडर बरामद किया गया। जांच में यह एमडी ड्रग्स होना पाया गया। जिसका वजन 1.53 ग्राम कीमत 15,000 रुपये आंकी गई। दोनों आरोपियों से (60,000 रुपये), ड्रग्स और मोबाइल सहित कुल 1,05,000 रुपये का सामान बरामद किया गया ।