रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 मार्च। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान एनआईटी में ‘अनंत्य 2026’ मेगा तकनीकी महोत्सव का शुभारंभ गौरव कुमार ने किया । उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने पर बल दिया।
संस्थान की इनोवेशन काउंसिल की संकाय प्रभारी एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रम्या सेल्वराज ने स्वागत भाषण में कहा कि यह महोत्सव केवल आयोजन नहीं, बल्कि संस्थान के विभिन्न तकनीकी एवं उद्यमिता क्लबों का समन्वित संगम है, जो मानव कल्पना की असीम संभावनाओं को अभिव्यक्त करता है।
संस्थान के कुलसचिव डॉ. एन. डी. लोंढे ने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों के विचारों को उद्योगोन्मुख समाधानों में परिवर्तित करना है तथा विशेषज्ञों की सहभागिता से उन्हें व्यावहारिक सीख प्राप्त होगी।
प्रोफेसर डॉ. श्रीश वर्मा विश्वास व्यक्त किया कि ‘अनंत्य’ नवाचार की दिशा में प्रेरक भूमिका निभाएगा। करियर डेवलपमेंट सेंटर (करियर डेवलपमेंट सेंटर) के प्रमुख डॉ. समीर बाजपेई ने ‘अनंत्य’ को संस्थान का प्रथम मेगा तकनीकी महोत्सव और असीम अवसरों का उत्सव बताया। उद्यमिता प्रकोष्ठ के संकाय प्रभारी डॉ. आर. एन. पटेल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
महोत्सव के प्रथम दिवस पर परिसर में विज्ञान प्रदर्शनी ‘विज्ञान’, स्टार्टअप एक्सपो, एयरो शोकेस, रोबोथॉन, बिज़ रेस्क्यू, बी-मॉडल तथा स्ट्रैटेजिका सहित विभिन्न तकनीकी एवं उद्यमिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए। रोबोटिक्स प्रतियोगिताओं में रोबो क्विज़ और रोबोवार ने विशेष आकर्षण पैदा किया, जबकि ‘एआई शील्ड चैलेंज’ और ‘कॉसमोएक्स’ जैसे नवाचार आधारित आयोजनों ने प्रतिभागियों को तकनीकी समस्याओं के समाधान प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया। इसके अतिरिक्त प्रेरक वक्ता सत्र, ‘उत्कृष्ट’ तथा ‘वाइब कोडिंग’ और ‘डेव क्लैश’ जैसी गतिविधियों ने पूरे परिसर में नवाचार एवं अनुभवात्मक शिक्षण का सशक्त वातावरण निर्मित किया।