रायपुर
धर्म स्वातंत्र्य विधेयक पर बोले-भाजपा उपाध्यक्ष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 मार्च। धर्मांतरित लोगों की घर वापसी अभियान के प्रमुख और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने धर्म स्वातंत्र्य विधेयक संशोधन पारित करने के लिए
सीएम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं डिप्टी सीएम विजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विधेयक सर्व समाज के लिए हितकारी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने उनके पिता स्व.दिलीप सिंह जूदेव के सपनों को साकार करने का महती प्रयास किया है और उन्हें श्रद्धांजलि दी है। श्री जूदेव ने कहा कि धर्म स्वातंत्र्य विधेयक पारित होने से न केवल जनजाति समाज बल्कि प्रदेश की पूरी जनता को इसका लाभ होगा और वहीं धर्मांतरण कराने वालों पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी। इस कानून को पारित होने से अब जनजाति सहित सभी समाज के सांस्कृतिक विरासत एवं संस्कृति को पुन: सम्मान मिलेगा साथ ही समाज के लोगों को अब प्रलोभन, दबाव एवं भ्रमित कर धर्मातरित नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण रोकने के लिए स्व. दिलीप सिंह जूदेव ने आजीवन प्रयास किया और घर वापसी अभियान का जमीनी कार्यक्रम लगातार उनके द्वारा चलाया गया, जो अभी तक चल रहा।
उन्होंने कहा कि स्व. जूदेव वनवासी कल्याण आश्रम के संस्थापक बालासाहेब देशपांडे एवं स्वामी अमरानंद के मार्गदर्शन में घर वापसी अभियान, लम्बी पदयात्राएं एवं सनातन जनजागरण आंदोलन जैसे कार्यक्रम चलाकर पहले ही इसका मार्ग प्रशस्त किया था।
उन्होंने कहा कि इस बहुप्रतीक्षित और अत्यंत आवश्यक विधेयक से प्रदेश में धर्म, आस्था एवं सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के साथ-साथ समाज में विश्वास और संतुलन को सुदृढ़ करने वाला सिद्ध होगा।
सक्ती में 610 ने की वापसी
हिन्दू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्र प्रतिपदा के पावन अवसर पर सक्ती स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में एक विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
धर्म जागरण समन्वय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 610 धर्मांतरित लोगों की विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चारण और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ‘घर वापसी’ कराई गई।
इस आयोजन को ‘घर वापसी अभियान’ के तहत आयोजित किया गया। अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने स्वयं उपस्थित रहकर सभी परिवारों का चरण पखारकर स्वागत किया। उपस्थित संतों और धर्माचार्यों ने इसे सनातन धर्म की समावेशी परंपरा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताया।
आयोजकों ने बताया कि ‘घर वापसी अभियान’ को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी पारंपरिक पहचान और संस्कृति से जुड़ सकें।