रायपुर

नवविवाहिता को 10 तोला सोना-20 लाख रूपए के लिए दबाव बनाया, पति,सास-ननंद पर एफआईआर
21-Mar-2026 10:10 PM
नवविवाहिता को 10 तोला सोना-20 लाख रूपए के लिए दबाव बनाया, पति,सास-ननंद पर एफआईआर

महिला थाना में दर्ज हुआ मामला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 मार्च। एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया है कि शादी के दूसरे दिन से ही ससुराली दहेज के लिए प्रताडि़त किया करते थे। मामले में पुलिस ने धारा 85 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

रूचि दीक्षित ने बताया कि वर्तमान में वह अपने मायके नहरपारा, स्टेशन रोड में रहती है। उसका विवाह 24 नवंबर 2024 को सौरभ शुक्ला, निवासी गीतांजली सिटी, फेस-2, बिलासपुर के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के दूसरे ही दिन से ही पति, सास-ससुर और ननंद दहेज में कार, 10 तोला सोना और 20 लाख रुपए नगद की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त करते थे।

रूचि ने शिकायत में बताया कि सगाई और विवाह के दौरान उसके मायके वालों ने लाखों रुपए नगद, सोने-चांदी के जेवर और घरेलू सामान दिए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा।  विवाह के बाद उसके सारे जेवर सास और ननंदों ने अपने पास रख लिए और कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक सामान वापस नहीं किया जाएगा। पति और ससुराल वालों ने विवाह से पहले उसकी शिक्षा जारी रखने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में इससे मुकर गए और पढ़ाई के खर्च के लिए मायके से पैसे लाने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, पति पैसों की मांग कर मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक रूप से प्रताडि़त करता था।

 आरोपी है कि पति ने उसे जबरन बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया। जिसके बाद वह रायपुर अपने मायके लौट आई। इसके बाद 6 मार्च 2026 को उसने महिला थाना रायपुर में लिखित शिकायत दी, जिस पर काउंसलिंग भी हुई, लेकिन समझौता नहीं हो सका।

पीडि़ता का आरोप है कि जब वह अपने ससुराल वापस गई और अपने कपड़े व गहनों की मांग की, तो उसे अपमानित कर घर से भगा दिया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पति सौरभ शुक्ला, सास माधुरी शुक्ला, ससुर नरेंद्र कुमार शुक्ला एवं ननंदों सोनिका दुबे, सारिका तिवारी और रूचि के खिलाफ धारा 85, 3-5 प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 


अन्य पोस्ट