रायपुर
भूपेशजी के पास काफी जमीनें, वो चाहे तो हमारे सदस्य गाइडलाइन दर पर लेने तैयार...
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 मार्च। विधानसभा में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ उपकर संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान जमीन की गाइडलाइन दरों में वृद्धि को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोंकझोंक देखने को मिली।
चर्चा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा गाइडलाइन दरों में बढ़ोतरी के बाद रजिस्ट्री का काम ठप पड़ गया है। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री कार्यालय सूने पड़े हैं और लोग बढ़ी हुई दरों के कारण रजिस्ट्री कराने से बच रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि नजदीकी आरंग के रजिस्ट्री कार्यालय की स्थिति देखकर इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
विधेयक पर चर्चा के बाद जवाब देते हुए आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री की प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी है और कहीं भी ठहराव की स्थिति नहीं है।
मंत्री चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के पास काफी जमीनें हैं और यदि वे चाहें तो उनके दल के कई सदस्य गाइडलाइन दर पर जमीन खरीदने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने रजिस्ट्री प्रक्रिया में सुधार (रिफॉर्म) किए हैं, जिससे पारदर्शिता और व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
बहस के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी टिप्पणियां होती रहीं, जिससे सदन का माहौल कुछ समय के लिए गरमाया रहा।