रायपुर

985 का सिलिंडर 1300 रुपए में बेच रहे एजेंसी संचालक
20-Mar-2026 10:35 PM
985 का सिलिंडर 1300 रुपए में बेच रहे एजेंसी संचालक

खाद्य अमला फील्ड से गायब?

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 मार्च। पेट्रोलियम पदार्थों के आयात और आपूर्ति पर उभरे संकट के बीच एलपीजी सिलेंडर को लेकर प्रशासन के दावे फेल होते नजर आ रहे हैं। आपूर्ति पर्याप्त होने के दावों के बीच खुले आम गैस सिलेंडर में कालाबाजारी की जा रही है ?

गैस वितरक और स्टाफ 985 का सिलिंडर 1300 रुपए में बेच रहे हैं। एजेंसी संचालक लोगों से  300 रुपए अतिरिक्त वसूल रहे हैं वह भी बिना रसीद काटे। इस कालाबाजारी का  खुलासा करते हुए एक वीडियो वायरल है। इसमें गोडाऊन पहुंचे एक व्यक्ति ने बिना पर्ची के सिलेंडर की मांग की, तो कर्मचारी ने 13 सौ रूपए में देने दूसरे दिन बुलाया। अधिक रेट कहने पर उसने कहा कमर्सियल सिलेंडर बंद हो गए हैं इसलिए होटल वाले भी यही सिलेंडर ले रहे हैं इसकी वजह से रेट बढ़ गया है। हैसियतदार जहां ले रहे हैं वहीं एजेंसी संचालक मध्यम वर्ग के लोगों के सिलेंडर उन्हें बेच रहे हैं। आम जन एजेंसी और गोदाम के बीच उलझे हुए हैं। इन्हें होम डिलीवरी के नाम पर इंतजार कराया जा रहा है।

 वहीं प्रशासन का खाद्य अमला  फील्ड से गायब है। इसके चलते एजेंसी संचालकों के हौसले बुलंद हैं। लोग इसे मिलीभगत का खेल  बताने से नहीं चूक रहे।

इस बीच गैस एजेंसियों में अचानक बढ़ी बुकिंग के कारण वेटिंग 950 से 1100 तक पहुंच गई है, जिससे उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार बड़ी संख्या में उपभोक्ता एक साथ सिलेंडर बुक कर रहे हैं।  एजेंसी  संचालकों का कहना है कि यह वास्तविक कमी नहीं, बल्कि पैनिक के कारण बनी स्थिति है। अचानक बढ़ी मांग का सबसे ज्यादा असर होम डिलिवरी सिस्टम पर पड़ा है। पहले जहां उपभोक्ताओं को 2-3 दिन में सिलेंडर मिल जाता था, अब 5-7 दिन या उससे ज्यादा समय लग रहा है। डिलिवरी बॉय को तय समय में सिलेंडर पहुंचाने में परेशानी हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को बार-बार एजेंसी से संपर्क करना पड़ रहा है।


अन्य पोस्ट