रायपुर
रायपुर, 20 मार्च। आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पारागांव में नेशनल हाईवे-53 पर महानदी पुल के नीचे आज सुबह 18 वर्षीय युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पारागांव निवासी प्रेमलाल पाल (18 वर्ष), पिता राजाराम पाल के रूप में हुई है घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि युवक अपनी शारीरिक समस्याओं को लेकर परेशान था। बताया जा रहा है कि उसने मौत से पहले अपने भाई को व्हाट्सएप पर अपनी परेशानी भी बताई थी।
जानकारी के मुताबिक, प्रेमलाल पाल बीते शाम अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था। निसदा मोड़ के पास वह आइसक्रीम खाने के लिए रुका, जबकि उसका दोस्त वहां से आगे बढ़ गया। इसके बाद से ही वह लापता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।