रायपुर
अर्जुंदा, देवरी के मामले सदन में उठे, जायसवाल ने कहा - केवल गलत एंट्री है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 मार्च। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अर्जुंदा और देवरी में आयुष्मान योजना फंड में अनियमितता का मामला विधानसभा में गूंजा। कांग्रेस विधायक की जांच की मांग स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि विधायक की ही शिकायत पर जांच कराई गई थी जिसमें कोई अनियमितता नहीं मिली।
प्रश्न काल में विधायक कुंवर सिंह निषाद ने अपने प्रश्न के लिखित उत्तर में अर्जुंदा स्वास्थ्य केंद्र में किसी भी तरह की अनियमितता नहीं होने का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि वहां कार्यरत दो कंप्यूटर आपरेटरों प्रवीण कुमार, जितेंद्र बारले ने लिखित में स्वीकार किया कि वहां के डाक्टर ने दबाव डलवा कर यह अनियमितता का कृत्य किया है। तभी उन्होंने राशि खाते में डाला था। इस पर अस्पताल के सभी कर्मचारियों ने एफआईआर करने थाने में लिखित आवेदन भी दिया है। डा सोनी के संरक्षण में यह सब कुछ हुआ है। मंत्री जायसवाल ने कहा कि इनकी (निषाद) ही शिकायत पर 3 सदस्यीय टीम से जांच कराई गई थी। इसमें कोई अनियमितता नहीं मिली केवल इंसेंटिव की राशि दूसरे कर्मचारी के नाम एंट्री मिली। इस पर दो पुराने कर्मचारियों ने दो नए कर्मियों को अपनी आईडी देने और उनके द्वारा एंट्री करने का मामला सामने आया था। इस पर प्रभारी को दोबारा ऐसा न करने की नोटिस दी गई थी। निषाद ने कहा कि गुमराह किया गया है। जबकि दो पुराने कर्मियों ने अपनी आईडी पासवर्ड चोरी करने का थाने में आवेदन दिया गया था। इसमें स्पष्टत: लिखा था कि डाक्टर के कहने पर किया गया। 60-70 लाख की गड़बड़ी का मामला है फिर से जांच कराएंगे क्या? स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किसी के भी खाते में ट्रांसफर नहीं हुई है केवल गलत एंट्री है। भुगतान नहीं हुआ है जांच हो चुकी है। इसलिए एफडीआई भी नहीं कराया। मेरी जानकारी अधिकृत है आपकी बातों को तो नहीं माना जा सकता। निषाद ने इस जांच पर असंतुष्ट बताते हुए अपनी उपस्थिति में नई जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इन्हीं डाक्टर के द्वारा देवरी में भी अनियमितता का मामला है। धीरेंद्र कुमार अब तक फरार है। मंत्री ने कहा कि जी नहीं।
वित्तीय अनियमितता हुई ही नहीं है। निषाद ने डाक्टर को बचाने का आरोप लगाया। कांग्रेस के उमेश पटेल ने कहा कि पुराने कंप्यूटर आपरेटरों ने आईडी चोरी की शिकायत की है यानी 420 का मामला बनता है दर्ज कराएंगे क्या? मंत्री ने कहा कि हम किसी को नहीं बचा रहे विधायक की ही शिकायत पर जांच करा चुके हैं। विधायक स्वयं एफआईआर के लिए गए थे नहीं हुई।
इलाज बंद करने वाले अस्पतालों को नोटिस
एक अन्य प्रश्न में श्री जायसवाल ने बताया कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल, श्री नारायणा हॉस्पिटल, बालगोपाल हॉस्पिटल सहित अन्य अस्पतालों के खिलाफ आयुष्मान योजना में इलाज बंद करने की शिकायत मिली है, जिस पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कांग्रेस विधायक राघवेंद्र सिंह के प्रश्न के उत्तर में स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 2.47 करोड़ आयुष्मान योजना के कार्डधारी हैं. 2024 से 2026 तक योजनांतर्गत 22,59,995 लोगों का उपचार हुआ. योजना में केंद्र का 60 प्रतिशत और राज्य का हिस्सा 40प्रतिशत है. वहीं योजना में शामिल अस्पतालों को लेकर 31 शिकायतें प्राप्त हुई, जिन पर कार्यवाही हुई है। इसके साथ कार्ड से इलाज करने पर मना करने वाले अनेक अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया है, और कई अस्पतालों के खिलाफ जांच जारी है।