रायपुर

धर्मांतरण विधेयक पर जल्दबाज़ी अस्वीकार्य- जोगी
19-Mar-2026 6:13 PM
धर्मांतरण विधेयक पर जल्दबाज़ी अस्वीकार्य- जोगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 मार्च। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें राज्य सरकार द्वारा लाए जा रहे धर्मांतरण विरोधी विधेयक पर रोक लगाने की मांग की गई। श्री जोगी ने अपने ज्ञापन में श्री डेका को बताया कि इतने महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील विषय पर बिना पर्याप्त विचार-विमर्श और व्यापक परामर्श के विधेयक प्रस्तुत करना लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। यह विधेयक धार्मिक स्वतंत्रता, व्यक्तिगत अधिकारों, आदिवासी पहचान एवं सामाजिक सौहार्द जैसे मूलभूत मुद्दों से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस पर विस्तृत चर्चा आवश्यक है। और वर्तमान में इस पर सर्वोच्च न्यायालय में एक याचिका विचाराधीन हैं। अत: ऐसे समय में इस विषय पर कोई भी विधायी कदम अत्यंत सावधानी और संवैधानिक मर्यादा के साथ उठाया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस विधेयक को वर्तमान सत्र में प्रस्तुत करने के बजाय—सभी हितधारकों से व्यापक परामर्श किया जाए, विधानसभा को पर्याप्त समय दिया जाए, न्यायालय में लंबित मामलों को ध्यान में रखा जाए। अमित जोगी ने कहा कि जल्दबाज़ी में कानून बनाना न तो लोकतंत्र के हित में है और न ही सामाजिक सौहार्द के।


अन्य पोस्ट