रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 मार्च। पुरानी बस्ती इलाके में जमीन के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने आरोपी पर गलत जानकारी देकर 45 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया है।
पुलिस के मुताबिक प्रदीप कुमार देवांगन, निवासी महामाई पारा पुरानी बस्ती ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने शिकायत में बताया कि आरोपी राजेन्द्र प्रसाद तिवारी ने खुद को जमीन का मालिक बताते हुए दो अलग-अलग जमीनों का सौदा तय किया। इनमें से एक जमीन दुर्ग जिले के पाटन तहसील अंतर्गत मौजा खर्रा स्थित है, जबकि दूसरी जमीन कथित रूप से वसीयत के आधार पर प्राप्त बताई गई।
आरोपी ने वर्ष 2021 से 2022 के बीच अलग-अलग चेक एवं नगद के माध्यम से 45 लाख रुपए लिए। 30 नवंबर 2021 को 15 लाख, 3 फरवरी 2022 को 1 लाख, 11 फरवरी 2022 को 9 लाख नगद, 11 मार्च 2022 को 15 लाख चेक तथा 5 लाख रुपए नगद बयाना के रूप लिए गए। पूरी राशि लेने के बावजूद आरोपी ने न तो जमीन का नामांतरण कराया और न ही सौदे को पूरा किया। प्रदीप ने जब सौदा किए जमीन की पड़ताल की तो पता चला कि संबंधित जमीन उसके रिश्तेदारों के नाम भी दर्ज हैं। आरोपी ने झूठी जानकारी और फर्जी दस्तावेजों के माध्यम धोखाधड़ी की गई। जमीन के बारे में पूछे जाने पर आरोपी आश्वासन देता रहा। ठगी होने के शक में प्रदीप देवांगन ने इसकी रिपोर्ट पुरानी बस्ती थाना में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत मिलने पर आरोपी राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में 420 का अपराध दर्ज किया है। पूछताछ कर मामले की जानकारी ली जा रही है।
अज्ञात मैसेज लिंक क्लिक किया 4 लाख पार
अज्ञात व्यक्ति के द्वारा भेजे गए मैसेज लिंक को क्लिक करते ही खाते से 4 लाख रुपए पार हो गए। पांच माह पहले हुई इस ठगी के शिकार की रिपोर्ट पर पुलिस पड़ताल कर रही है। पुलिस के अनुसार कंचन गंगा फेस 2 सोसायटी निवासी वृद्ध विष्णु दत्त बघेल (70) के मोबाईल पर 8 नवंबर 25 की शाम 6.30 बजे अज्ञात व्यक्ति ने मैसेज लिंक भेजा। इसे उन्होंने क्लिक कर ओपन किया। इसके बाद अगले दस दिनों में श्री बघेल के आनलाइन बैंक अकाउंट से 3.94 लाख रुपए ट्रांसफर कर लिए गए। यह विथड्राल अलग अलग समय पर तीन बार में किया गया। डीडी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा आईटी एक्ट 66 डी और 318-4 के तहत दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच और ठग की तलाश शुरू कर दी है।