रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 मार्च। राजधानी के टिकरापारा, डीडी नगर इलाके में मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। इस बीच हाथ, मुक्का और डंडे से हमला किया गया। इस हमले में कई लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टिकरापारा मठपारा निवासी राजेश यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 18 मार्च 2026 की रात 11.30 बजे वह अपने दोस्त जागेश्वर ठाकुर के साथ घर के सामने बैठा था। इसी दौरान बबा और उसके साथी पुराने विवाद को लेकर पहुंचे और जागेश्वर ठाकुर के साथ गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों, डंडे और बीयर की बोतल से मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने राजेश यादव के साथ भी मारपीट की। घटना में दोनों को सिर, हाथ, पीठ, चेहरा और पैरों में चोटें आई हैं।
वहीं संतोषी नगर क्षेत्र में संदीप निषाद ने शिकायत दर्ज कराई है कि 17 मार्च की रात करीब 11.45 बजे वह अपने दोस्तों के साथ चाय दुकान में बैठा था। इसी दौरान कुणाल साहू अपने साथियों के साथ आया और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में संदीप निषाद को कमर और आंख के पास चोट आई, जबकि गितेश साहू और शंकर धीवर भी घायल हुए। मारपीट के दौरान संदीप का चांदी का चैन भी गायब हो गया।
इसी तरह डीडी नगर थाना क्षेत्र में डंगनिया निवासी भविष्य सोनी ने शिकायत में बताया कि 18 मार्च की शाम करीब 6 बजे वह अपने दोस्त के साथ घूम रहा था। तभी करण पांडेय और उसके साथी उदय ने उसे रोककर नशा करने के लिए 2000 रुपये की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों, पत्थर और नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। घटना में भविष्य सोनी को सिर, माथे, पीठ और पैर में चोटें आई हैं। तीनों ही मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।