रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 मार्च। भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2026 रायपुर नगर में 12 से 31 मार्च तक भव्य रूप से मनाया जा रहा है। महोत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रेश शाह, महासचिव गोल्डी लूनिया, कोषाध्यक्ष विकास सेठिया, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत बैद और सचिव आनंद जेन ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की भव्य श्रृंखला जारी है।
इसी क्रम में बुधवार को डीडी नगर में प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें बच्चों, महिलाओं ने भगवान महावीर का संदेश देते हुए, लोगों से अपील की, कि वे शादियों में दहेज न लेने सादगीपूर्ण निमंत्रण,सडक़ पर न नाच-गाना न संगीत संध्या का आयोजन, भोजन के दौरान 31 से ज्यादा खाद्य पदार्थों का उपयोग न करने, महिला वेटर को नहीं बुलाने, नॉनवेज नहीं खाने, पशु-पक्षियों के आकार में सलाद नहीं काटने, शादी में पटाखों का उपयोग न करने का संदेश दिया गया।
भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2026 में सेवाकार्य अंतर्गत 16 से 30 मार्च तक 15 दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में डीडी नगर के श्री 1008 वासुपूज्य जैन मंदिर में बुधवार को 21 लोगों ने रक्तदान किया।
बुधवार को सुंदर नगर और डीडी नगर क्षेत्र में श्री जगन्नाथ मंदिर के पास से 1008 श्री वासुपूज्य जैन मंदिर तक प्रभात फेरी निकाली गई। इकाई के अध्यक्ष नरेश जैन ने बताया कि प्रभात फेरी के दौरान पुरूष सफेद और महिलाएं केसरिया रंग के वस्त्रों में शामिल हुई। प्रभात फेरी के दौरान भगवान महावीर का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
जैन समाज से शिक्षा, खेलकूद, राजनीति, धर्म, समाजसेवा, दानदाता और उद्यमिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट स्थान प्राप्त करने वाले कुल 11 व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें से 4 सम्मान विशेष रूप से महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
समिति द्वारा जानकारी दी गई है कि इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं अपने कार्यों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में जमा कर सकती हैं। इसके लिए पासपोर्ट साइज फोटो और आवश्यक विवरण के साथ आवेदन 21 मार्च तक श्री ऋषभदेव जैन मंदिर कार्यालय में जमा करना होगा।
भैरव सोसायटी, विमलनाथ मंदिर परिसर के हरिसूरी आराधना भवन में 22 मार्च को 251 आयंबिल का आयोजन किया गया है। इस धार्मिक अनुष्ठान में बिना तेल, घी, मिर्च-मसाले का भोजन होता है, यह केवल दिन के समय में एक बार किया जाता है।