रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 मार्च। राजधानी में चोरी और लूट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। टिकरापारा और राजेंद्र नगर क्षेत्रों में दो अलग-अलग मामलों में अज्ञात आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है।
टिकरापारा इलाके में अज्ञात चोर ने दुकान की छत तोडक़र चोरी को अंजाम दिया। दुकान से कोल्ड ड्रिंक, सिगरेट और अन्य सामान चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान की कीमत 37 हजार बताई जा रही है। इसकी शिकायत मिलन चौक संजय नगर निवासी गोविंद प्रसाद गुप्ता ने दर्ज कराई है। उसने बताया कि मठपुरैना त्रिमूर्ति मंदिर के पास उसकी किराना की दुकान है। रोज की तरह वह 15 मार्च की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। जो दूसरे दिन 16 मार्च की सुबह 8 दुकान आया तो देखा कि दुकान की छत टूटी हुई थी। दुकान में रखे सामान चेक करने पर उसमे से सिगरेट की पैकेट कीमत 8000 रूपए, कोल्ड ड्रिंक 5000 और गल्ले से 4000 रूपए नहीं थे।
इस प्रकार दुकान से 37,000 रूपए का सामान चोरी हुआ। अज्ञात चोर ने रात में दुकान का छत तोडक़र वहां से सामान और नगदी ले गया।
उधर राजेंद्र नगर इलाके में युवक से लूट हो गई। साइमन ने इसकी रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई है। साइमन जो मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता है, ने बताया कि 15 की रात 11.30 बजे वह अपने दोस्त मोहित तेजवानी के साथ बाइक से महावीर नगर जा रहा था।
रास्ते में कुकरेजा फार्म हाउस के पास एक दुकान के सामने सिगरेट लेने रुके थे। जहां तीन अज्ञात युवक एक्टिवा के साथ खड़े थे। बातचीत के दौरान आरोपियों ने पहले पैसे लिए, फिर विवाद कर साइमन के हाथ से पर्स झपटकर फरार हो गए। पर्स में 800 रुपए नकद, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज रखे थे। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ 3(5), 304 का अपराध दर्ज किया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश की जा रही है।