रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 मार्च। राजधानी रायपुर में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के मामले में विशेष एनडीपीएस अदालत ने दो आरोपियों को 15-15 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।
घटना 31 अगस्त 2024 की है। रात सरस्वती नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुकुरबेड़ा इलाके में एक व्यक्ति अपने घर में प्रतिबंधित नशीली दवा स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस रखा है और उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने मुखबिर के बताए स्थान को चिहांकित कर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम मनीष चन्द्राकर के बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से 864 कैप्सूल 668 ग्राम बरामद किया। जांच के दौरान मनीष चन्द्राकर ने बताया कि यह नशीली दवा उसने उड़ीसा निवासी देवेन्द्र मांझी से खरीदा था। निशानदेही पर पुलिस ने देवेन्द्र मांझी को भी गिरफ्तार किया।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से साक्ष्य और गवाह पेश किए गए। साथ ही पुलिस के जब्ती दस्तावेजों के आधार पर अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी ठहराया।
अदालत ने मनीष चन्द्राकर को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) और देवेन्द्र मांझी को धारा 29 सहपठित 22(सी) के तहत दोषी मानते हुए दोनों को 15-15 वर्ष के सश्रम कारावास और 1.50 लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना नहीं देने पर एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।