रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 मार्च। आम आदमी पार्टी ने गहराते रसोई गैस संकट, पर सरकार के गैस की कोई कमी नहीं वाले दावों को सिरे से खारिज किया है। इसे जनता को गुमराह करने वाला बताया। इसके विरोध में कल गुरुवार को पार्टी के नेता पूरे प्रदेश में एलपीजी सिलेण्डरों की शव यात्रा निकालेंगे।
पत्रकार वार्ता में विजय कुमार झा प्रदेश अध्यक्ष कर्मचारी विंग, अनुषा जोसेफ प्रदेश उपाध्यक्ष जयदीप खनूजा प्रवक्ता मिहिर कुर्मी मीडिया प्रभारी, सागर क्षीरसागर कार्यकारी अध्यक्ष रायपुर,विकास दास मानिकपुरी ने कहा कि गैस संकट सरकार की विफल नीतियों का परिणाम हैं। जब सरकार खुद दावा कर रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर आम जनता को सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है?
पार्टी ने सवाल उठाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन की रिफिलिंग समय सीमा क्यों तय की गई है? यह न केवल गैस की कमी को उजागर करता है, बल्कि गांव और शहर के बीच भेदभाव को भी दर्शाता है ।
पार्टी ने कहा कि इस संकट का सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ा है। प्रदेश में रेस्टोरेंट संचालक भारी संकट में हैं, कई स्थानों पर होटल-ढाबे बंद हो रहे हैं और खाने की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो चुकी है। औद्योगिक उत्पादन में लगभग 40 प्रतिशत गिरावट का अनुमान है, वहीं अस्पतालों में मरीजों के भोजन की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। शादी-विवाह के इस सीजन में आम परिवारों के लिए रसोई गैस की व्यवस्था करना एक बड़ी चुनौती बन गया है।