रायपुर

अपनी जमीन के लिए किसान जान देने हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ा
16-Mar-2026 7:32 PM
अपनी जमीन के लिए किसान जान देने हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ा

निजी कंपनी ने कब्जा कर रखा है, राजस्व कोर्ट से किसान के पक्ष में फैसला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 मार्च। राजधानी के  औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा  में सोमवार को एक ग्रामीण किसान अपनी जमीन, कंपनी के कब्जे से मुक्त कर सौंपने की मांग को लेकर हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया।  ग्राम सोंडरा निवासी  किशन लाल निषाद ने फॉर्चून मेटल प्राइवेट लिमिटेड पर जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया है। उसने अपनी जमीन को भू-माफिया और कंपनी के कब्जे से छुड़ाने की मांग की है। किशन लाल निषाद का आरोप है कि, उसकी पुश्तैनी जमीन पिछले 12 साल से फॉर्चून मेटल प्राइवेट लिमिटेड के अवैध कब्जे में है। वह पिछले एक दशक से अधिक समय से शासन-प्रशासन के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। सिस्टम की बेरुखी से तंग आकर आज सुबह उसने आत्मघाती कदम उठाते हुए सिलतरा चौकी इलाके में स्थित हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। ग्रामीणों ने किशन को टावर पर चढ़े देखा। सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और धरसीवां थाना पुलिस का भारी बल मौके पर पहुंचा।  हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत पूरे इलाके की बिजली सप्लाई (लाइट) कटवा दी है। नीचे खड़े अधिकारी लाउडस्पीकर के जरिए किशन लाल को नीचे उतरने की अपील कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीण अपनी जमीन को तत्काल मुक्त करने की लिखित गारंटी की मांग पर अड़ा हुआ है। उसका कहना है कि उसे और परिजनों को अपराधी बनाया जा रहा है। मुझे और बेटे को जेल भेजा गया था ? इस जमीन को लेकर तहसील, एसडीएम कमिश्नर कोर्ट से निर्णय मेरे पक्ष में आ चुके हैं उसके बाद भी कंपनी कब्जा नहीं छोड़ रही।?

इस पर मौके पर पहुंचे एसडीएम ने मौके पर लाउडस्पीकर से कहा कि कहा कि नीचे आने पर वस्तुस्थिति को लेकर चर्चा की जाएगी। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस ने ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की है। पूरा मामला राजस्व न्यायालय में है। कंपनी की ओर से मौजूद अधिकारी ने कहा कि राजस्व कमिश्नर महादेव कावरे ने हमारे पक्ष में फैसला दिया है ? इस विवाद के बीच दोपहर तक किसान निषाद पोल पर चढ़ा हुआ था।

गांव के सरपंच संतोष साहू ने बताया कि पीडि़त किसान ने अपनी जमीन वापस पाने के लिए पुलिस प्रशासन से लेकर हर जगह गुहार लगाई, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन किए जाने पर जमीन किसान की ही निकली, इसके बावजूद उसे जमीन का कब्जा नहीं दिलाया गया। जब सभी तरफ से न्याय की आश खत्म हुई तब किसान ने आत्मघाती कदम उठाया है और आज सुबह हाइटेंशन टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलने पर सरपंच और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरने के लिए समझाइश दे रहे हैं, लेकिन फिलहाल किसान नीचे उतरने को तैयार नहीं है।

 


अन्य पोस्ट