रायपुर

नवरात्रि से पहले मंदिरों में चोरी, 3 लाख के गहने पार
15-Mar-2026 8:01 PM
नवरात्रि से पहले मंदिरों में चोरी, 3 लाख के गहने पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 मार्च। चैत्र नवरात्रि शुरू होने से ठीक सात दिन पहले मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी (गोढ़ी) स्थित प्रसिद्ध चंडी मंदिर और उससे लगे राम मंदिर सिवनी में चोरी की वारदात हो गई। अज्ञात चोर दोनों मंदिरों से करीब तीन लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने और दानपेटी की राशि लेकर फरार हो गए। वहीं चोर राम मंदिर में लगे सीसीटीव्ही कैमरे में कैद हो गए। दोनों चोर ने हाथ में ठोस हथियार लेकर मंदिर में घूसे से वे पहचान छुपाने अपने चहरे को कपड़े से ढक रखा था।

मामला रायपुर जिले के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 12-13 मार्च की दरम्यानी रात दो नकाबपोश चोरों ने पहले चंडी मंदिर का दरवाजा तोड़ा और अलमारी का ताला तोडक़र उसमें रखे सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। इसके बाद पास स्थित राम मंदिर में घुसकर मूर्तियों पर चढ़ाए गए सोने के जेवर उतार लिए और दानपेटी में रखी नकदी भी ले गए।

बताया जा रहा है कि चंडी मंदिर का सीसीटीवी कैमरा बंद था, लेकिन कुछ दूरी पर स्थित राम मंदिर के कैमरे में दो नकाबपोश चोरी करते हुए कैद हो गए हैं। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने थाना प्रभारी आशीष यादव को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जांच-पड़ताल की और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। मंदिर आने-जाने वाले संभावित रास्तों पर लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है। साथ ही मुखबिरों के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक पुलिस को सफलता नहीं मिली है। इधर, दोनों मंदिरों में चोरी की घटना से सिवनी सहित आसपास के गांवों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।


अन्य पोस्ट