रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 मार्च। रायपुर एयरपोर्ट में फर्जी तरीके से फ्लाइट में यात्रा करने की कोशिश कर रहे एक युवक को सुरक्षा जांच के दौरान पकड़ लिया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक घटना 12 मार्च की है। रायपुर एयरपोर्ट में एक व्यक्ति स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी एयर टिकट पर रायपुर से इंदौर जाने वाली फ्लाइट में यात्रा करने का प्रयास कर रहा था। एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान जब उसने पहचान के लिए आधार कार्ड मांगे गए, तो संदेह होने पर उसकी जांच की गई।
एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षा अधिकारियों ने जब उसके आधार कार्ड की जांच की, तो वह फर्जी पाया गया। कड़ाई से पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने स्नेहल राजू भाई पटेल के आधार कार्ड में अपना फोटो लगाकर उसे फर्जी तरीके से तैयार किया था और उसी के आधार पर फ्लाइट में यात्रा करने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान कुलदीप सिंघल के रूप में हुई है। वह श्रद्धा श्री कॉलोनी, बरपानी धाम, थाना विजय नगर, जिला इंदौर का निवासी है। वर्तमान में वह कृष्णा एवेन्यू फेस-1, लिम्बोदी, खंडवा रोड, थाना तेजाजी नगर, जिला इंदौर में रह रहा था।
सुरक्षा जांच के दौरान ही उसे हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले किया गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।