रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 मार्च। गर्मी के मौसम में शहरवासियों को पेयजल उपलब्ध कराने निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर नगर निगम के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने रावणभाठा स्थित फिल्टर प्लांट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फिल्टर प्लांट की समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त साहू ने फिल्टर प्लांट के संचालन की प्रक्रिया, पंप मोटरों की कार्य स्थिति, जल शोधन की व्यवस्था तथा प्रयोगशाला में पानी की गुणवत्ता जांच की जानकारी ली। उन्होंने प्लांट में मौजूद विभिन्न टंकियों में जल भराव की स्थिति का भी निरीक्षण किया। निर्देश दिए कि सभी टंकियों में पर्याप्त मात्रा में पानी संग्रहित रहे, ताकि गर्मी के दिनों में शहर में पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो।
उन्होंने अधिकारियों को स्काडा सिस्टम का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा इसके संचालन में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
इस दौरान नगर निगम के कार्यपालन अभियंता (जल) नर सिंह फरेन्द्र सहित फिल्टर प्लांट के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के अंत में अपर आयुक्त ने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।