रायपुर
रायपुर, 14 मार्च। निगम सम्पतिकर अदा नहीं कर रहे 100 बड़े बकायादारों के नाम सूची तैयार करने के बाद शीघ्र सार्वजनिक करने की तैयारी कर रहा है। नगर निगम के प्रत्येक जोन के 10 बड़े बकायादारों के नाम सार्वजनिक करने की तैयारी की जा रही है. बकाया अदा नहीं किये जाने पर सम्बंधित बड़े बकायादारों पर कुर्की और सील भी की जाएगी। निगम ने कार्यवाही की परेशानी से बचने सम्बंधित बड़े बकायादार नगर निगम राजस्व विभाग को तत्काल अपना सम्पूर्ण बकाया अदा करने की चेतावनी दी है।
अंतिम नियत तिथि के पूर्व करों की अदायगी नहीं होने पर नियमानुसार 17 प्रतिशत अधिभार सहित वसूली की कार्यवाही की परेशानी से बचें। नगर निगम रायपुर के समस्त 10 जोन कार्यालय के राजस्व विभाग 31 मार्च तक प्रत्येक शनिवार और रविवार के शासकीय अवकाश दिनों में जनसुविधा हेतु राजस्व वसूली के लिए सामान्य कार्यालयीन दिवसों की तरह खुले रहेंगे।
सम्पतिकरदाता नागरिक जोन कार्यालय जाकर अपना देय सम्पतिकर अदा कर सकते हैं।
साथ ही मोर रायपुर एप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करके ऑनलाइन सम्पतिकर भुगतान की सुविधा निरन्तर उपलब्ध है। जिससे कोई भी सम्पति करदाता नागरिक कर सकता है।