रायपुर

चोरी के शक में युवक की हत्या, 5 को उम्र कैद
14-Mar-2026 7:34 PM
चोरी के शक में युवक की हत्या, 5 को उम्र कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 मार्च। तीन साल पहले मौदहापारा इलाके में चोरी के शक  में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने के मामले में अदालत ने पांच आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह फैसला विशेष न्यायाधीश पंकज कुमार सिन्हा की अदालत में 13 मार्च 2026 को सुनाया गया।

5- 6 मार्च 2023 की रात 3 बजे की है। मरही माता चौक स्थित शासकीय फिजियोथैरेपी कॉलेज, रजबंधा मैदान के पास यह घटना हुई थी। यहां सिक्योरिटी गार्ड आरोपियों ने रोहित कुमार कुशवाहा को चोरी के शक में पकड़ा था। इसके बाद उसका हाथ-पैर बांधकर लाठी, डंडे, हाथ-मुक्के और लात से बेरहमी से मारपीट उसकी पिटाई किया गया था। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि मृतक रोहित कुमार कुशवाहा नौकरी की तलाश में रायपुर आया था। 6 मार्च 2023 की सुबह 4 बजे वह कॉलेज परिसर में  घायल अवस्था में मिला। डायल 112 की टीम ने मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्डों की मदद से उसे इलाज के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि रोहित की मृत्यु उसके शरीर पर किसी वस्तु से गंभीर चोटों के कारण हुई है। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मौदहापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना की। विवेचना के दौरान रात में तैनात गार्ड को आरोपी होना पाया गया। पुलिस ने आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 25 गवाहों के बयान न्यायालय में दर्ज कराए। न्यायालय ने गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, साक्ष्यों का परीक्षण किया। न्यायालय ने लास्ट सीन टुगेदर सिद्धांत के आधार पर माना कि मृतक को अंतिम बार आरोपियों के साथ देखा गया था और उसी दौरान उसके साथ मारपीट की गई,

न्यायालय ने पाया कि आरोपियों ने चोरी के संदेह में मृतक को बांधकर बेरहमी से पीटा मारपीट से उसकी मृत्यु हो गई है।

मामले में अदालत ने सुभाष चंद्र यादव, भूपेंद्र मिश्रा, जयनारायण सिंह, संतोष कुमार मिश्रा और योगेंद्र मिश्रा को धारा 302 सहपठित धारा 34 के तहत दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही प्रत्येक आरोपी पर 2-2 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया है। अर्थदंड जमा नहीं करने पर प्रत्येक आरोपी को एक-एक वर्ष का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा।


अन्य पोस्ट