रायपुर

अलग-अलग थानों में मारपीट, चालानी कार्रवाई के दौरान पुलिस के साथ बदसलूकी का भी आरोप
14-Mar-2026 7:34 PM
अलग-अलग थानों में मारपीट, चालानी कार्रवाई के दौरान पुलिस के साथ बदसलूकी का भी आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 मार्च। राजधानी रायपुर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट, हमले, शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं के अपराध दर्ज किए हैं। इनमें नो पार्किंग विवाद, किशोर पर चाकू से हमला, रंजिश का बदला लेने बाजार में मारपीट और परीक्षा देकर लौट रहे छात्र पर हमले हुए।

यातायात थाना टाटीबंध में पदस्थ आरक्षक डी. उमेश क्षत्री ने शिकायत दर्ज कराई है कि 13 मार्च को वे थाना स्टाफ के साथ टाटीबंध चौक से बिलासपुर रोड पर नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सीजी04 एमएस 5843 सवार तीन युवक वहां पहुंचे और शराब के नशे में पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे।

तीनों युवकों ने नो पार्किंग में खड़े ट्रकों पर कार्रवाई को लेकर गाली-गलौज कर विरोध किया। पुलिस के समझाने के बाद भी धक्का-मुक्की करने लगे। विवाद बढऩे पर पेट्रोलिंग टीम ने तीनों युवकों को पकड़ कर थाना भेजा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम संदीप सिंह, हरदीप सिंह और प्रिंसपाल सिंह बताया। शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

दूसरे मामले में शिव नगर मठपुरैना निवासी 8वीं कक्षा के छात्र ने शिकायत दर्ज कराई है कि 13 मार्च की रात करीब 8.45 बजे वह मठपुरैना में राजा च्वाइस सेंटर के पास सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान मोहल्ले का एजाज खान वहां पहुंचा और पूर्व में हुए विवाद की बात को लेकर उससे गाली-गलौज करने लगा। एजाज खान ने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देकर चाकू से हमला कर दिया।

अन्य मामले में उरला निवासी हेमंत ने पुलिस को बताया कि वह अछोली बाजार में सब्जी लेने गया था। इसी दौरान बाजार चौक अछोली का रहने वाला गोलू निषाद अपने भतीजे के साथ वहां पहुंचा और पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे।

उधर डीडी नगर के वीर सावरकर नगर हीरापुर निवासी छात्र अंश प्रताप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह महर्षि विद्या मंदिर टाटीबंध में कक्षा 12वीं का छात्र है। 12 मार्च को वह केपीएस स्कूल सरोना में परीक्षा देने गया था।

परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। दोपहर 1.40 बजे जब वे कृष्णा पैराडाइज के पास सरोना पहुंचे, तभी वहां पहले से मौजूद कुछ अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से उनके पास आए। युवकों ने मुंह पर गमछा और रूमाल बांध रखा था।

आरोपियों ने पहले उनकी स्कूटी छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए रॉड और डंडे से मारपीट कर दी।

पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट