रायपुर

क्रेडिट कार्ड वाउचर अपडेट के नाम पर युवक से 58 हजार की ठगी
14-Mar-2026 7:29 PM
क्रेडिट कार्ड वाउचर अपडेट के नाम पर युवक से 58 हजार की ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 मार्च। राजधानी में क्रेडिट कार्ड वाउचर अपडेट करने के नाम पर एक युवक से 58 हजार 432 रुपए की ठगी हो गई। पीडि़त ने  इसकी शिकायत पुरानी बस्ती थाना में दर्ज कराई है।

पुलिस के मुाताबिक सोहन कुमार गुरूपरख 26 ग्राम बोरवाय थाना जामगांव आर जिला दुर्ग का निवासी, जो वर्तमान में भाठागांव स्थित ढेबर सिटी में रहकर सुयश हॉस्पिटल में रेडियोलॉजिस्ट विभाग में कार्यरत है ने बताया कि उसके पास एचडीएफसी बैंक का पिक्सल प्ले क्रेडिट कार्ड है। 6 फरवरी 2026 को दोपहर 3 बजे उसके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाली महिला ने खुद को बैंक की कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड का वाउचर अपडेट कराने की बात कही। महिला ने उसे एक रिक्वेस्ट नंबर नोट करने को कहा और बताया कि बैंक की ओर से आगे कॉल आने पर यही नंबर बताना होगा और उसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

सोहन ने बताया कि कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल पर एक नोटिफिकेशन आया, जिसमें 1031 रुपये जमा करने का विकल्प दिखाई दे रहा था। जब उसने इस बारे में कॉल करने वाली महिला से पूछा तो उसने बताया कि यह केवल अपडेट प्रक्रिया का हिस्सा है और अगले दिन राशि रिफंड कर दी जाएगी। महिला के झांसे में आकर सोहन ने नोटिफिकेशन में दिए गए विकल्प पर क्लिक कर दिया। जिसके बाद उसके क्रेडिट कार्ड से 1031 रुपए कट गए।

अगले दिन महिला ने दोबारा कॉल कर पूरी प्रक्रिया पूरी करने की बात कही।  इसके बाद दूसरे दिन उसी नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाली महिला ने पहले उससे रिक्वेस्ट नंबर पूछा, जिसे सोहन ने उसे बता दिया। कुछ ही देर में युवक के मोबाइल पर ओटीपी आया। पहले तो उसने ओटीपी बताने से मना कर दिया, लेकिन महिला ने उसे भरोसा दिलाया कि यह केवल कन्फर्मेशन के लिए है। जिसके बाद सोहन ने उसे नम्बर बता दिया।

ओटीपी बताते ही उसके क्रेडिट कार्ड से 56 हजार 721 रुपए कटने का मैसेज आ गया। इस बारे में महिला से पूछा तो उसने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है और वाउचर अपडेट होने के बाद चार दिन के भीतर पूरी राशि वापस कर दी जाएगी। चार दिन तक इंतजार के बाद भी उसके खाता में उसके खाते में कोई राशि वापस नहीं आई।

ठगी का शक होने पर सोहन ने पुरानी बस्ती थाना जाकर ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ 318-4 का अपराध दर्ज किया है। बताए गए नम्बर और लिंक को ट्रोल कर आरोपी की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट