रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 मार्च। राजधानी रायपुर में छातिम वृक्षों के कारण दमा जैसी बीमारियों के फैलने का मुद्दा शुक्रवार को विधानसभा में उठा। भाजपा विधायक सुनील कुमार सोनी ने शून्यकाल में यह मामला उठाते हुए छातिम के पेड़ों की कटाई की मांग की।
सोनी ने कहा कि रायपुर शहर में बड़ी संख्या में छातिम के वृक्ष लगाए गए हैं, जिनके कारण लोगों में दमा और अन्य श्वसन संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस वृक्ष के कारण जलस्रोतों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और भूजल स्तर में गिरावट आती है।
उन्होंने सदन को बताया कि मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में छातिम वृक्षों के रोपण पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इसलिए जनहित को देखते हुए राजधानी में लगे छातिम के पेड़ों को हटाने की दिशा में तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं शून्यकाल के दौरान कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप ने मनरेगा मजदूरों और एनआरएचएम कर्मियों के भुगतान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों से मनरेगा मजदूरों को भुगतान नहीं हुआ है, वहीं एनआरएचएम के कर्मचारियों को भी वेतन नहीं मिल रहा है। कश्यप ने सरकार से जल्द भुगतान कराने की मांग की।