रायपुर
रायपुर, 13 मार्च। ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती 15 मार्च को तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। उनके मीडिया प्रभारी अशोक साहू ने जानकारी दी कि वे रविवार को अहमदाबाद से रायपुर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। ज्योतिर्मठ के सीईओ चंद्रप्रकाश उपाध्याय के अनुसार, हवाई अड्डे से वे राजीव नगर स्थित आलोक सिंह के निवास पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे बेमेतरा जिले के लक्षेश्वर धाम सलधा के लिए रवाना होंगे।
16 और 17 मार्च को वे नवनिर्मित सवा लाख शिवलिंग मंदिर (लक्षेश्वर धाम, सलधा) का निरीक्षण करेंगे और निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों को मार्गदर्शन देंगे। 18 मार्च को सुबह 7 बजे सलधा से बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां शंकराचार्य के शिष्य हरीश शाह के ग्राम चिचिरदा स्थित कुंज कुटीर फार्महाउस पर पहुंचेंगे। मध्याह्न में वे बिलासपुर से वाराणसी के लिए रवाना होंगे। यह दौरा मुख्य रूप से लक्षेश्वर धाम के निर्माण कार्यों की समीक्षा और मार्गदर्शन के लिए है, जहां एशिया के सबसे बड़े शिव मंदिरों में से एक के रूप में सवा लाख शिवलिंग स्थापित किए जा रहे हैं।