रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 जनवरी। डेंटल कालेज के स्नातक, स्नातकोत्तर छात्रों की हड़ताल 8 वें दिन भी जारी है। अपनी मांगों पर शासन की ओर से कोई हलचल न देख छात्रों ने गुरुवार को हड़ताल का स्वरूप बदल दिया है। अब तक ये लोग कालेज के ओपीडी बिल्डिंग के गेट के पास पंडाल लगा शांतिपूर्ण नारेबाजी प्रदर्शन कर रहे थे।
गुरुवार को छात्रों ने कालेज के अस्पताल गेट पर ताला बंदी कर दी है । वरिष्ठ डॉक्टर मरीज स्टाफ किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। इससे इलाज पर असर पड़ा है।
इससे पहले सुबह हड़ताली छात्रों ने स्वास्थ्य मंत्री, वित्तमंत्री, और संचालक चिकित्सा से मुलाकात कर चर्चा की। मंत्री जायसवाल ने उन्हें एक माह के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया। छात्रों ने आश्वासन लिखित में देने कहा। मंत्री नहीं माने तो सभी कॉलेज लौटे, और हड़ताल अनिश्चितकालीन करने का फैसला लिया। उन्होंने कॉलेज का गेट बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसकी खबर मिलते ही मौदहापारा पुलिस भी मौके पर पहुंच कर हड़तालियों से चर्चा की । पुलिस ने कालेज गेट बंद कर मरीजों का इलाज रोकने को उचित नहीं बताया। दोपहर सभी छात्रों को 3 बसों में भरकर पुलिस तुता धरना स्थल ले जाकर छोड़ आई। इसके बाद सभी छात्रों ने धमतरी हाईवे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्नातकोत्तर छात्र एवं इंटर्न्स के स्टाइपेंड में समानता के साथ वृद्धि, स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में दंत चिकित्सा पेशेवरों को समान मान्यता एवं सम्मान के साथ मूलभूत छात्र कल्याण एवं अधोसंरचना से संबंधित समस्याओं का निराकरण शामिल है। हड़ताल की वजह से मरीजों के साथ कॉलेज में कार्यरत डॉक्टर और स्टाफ को हो रही परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने आज कमर कस ली है। इसके लिए जिला प्रशासन के अधिकारी पुलिस बल के साथ कॉलेज पहुंचे हैं।


