रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 1 फरवरी। छत्तीसगढ़ धीवर समाज परगना अभनपुर द्वारा 30 एवं 31 जनवरी को भक्त गुहा निषाद राज जयंती, शोभा यात्रा, सामाजिक भवन लोकार्पण एवं वार्षिक आमसभा का आयोजन धीवर भवन, नगर पालिका के सामने किया गया।
आयोजन के तहत भगवान राम की प्रतिमा के साथ कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकली। यात्रा के दौरान समाज के सदस्य एवं अन्य नागरिक शामिल रहे। बस स्टैंड क्षेत्र में सर्व समाज के लोगों द्वारा शोभा यात्रा का स्वागत किया गया तथा भगवान राम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए। यात्रा के दौरान धीवर समाज के युवाओं द्वारा अखाड़ा प्रदर्शन भी किया गया।
शोभा यात्रा का समापन धीवर समाज के सामाजिक भवन में हुआ, जहां कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक इंद्र कुमार साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक बजाज तथा मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत लाल मटियारा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक इंद्र कुमार साहू ने समाज के विकास से जुड़े विषयों पर विचार व्यक्त किए तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से लाभ लेने की अपील की।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक बजाज ने अपने संबोधन में समाज की भूमिका और सहभागिता पर अपने विचार रखे।
मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत लाल मटियारा ने बोर्ड की योजनाओं की जानकारी दी और संबंधित विषयों पर सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में परगना अध्यक्ष वेदव्यास धीवर, नगर धीवर समाज अध्यक्ष हेमंत तारक, सचिव जयकुमार धीवर, कोषाध्यक्ष हेमलाल धीवर सहित समाज के सदस्य उपस्थित रहे।


