रायपुर
रायपुर, 1 फरवरी। धरसीवां इलाके के ग्राम तरपोंगी में शुक्रवार शाम अज्ञात बदमाशों ने सप्ताहिक बाजार में आलू-प्याज बेचने वाले एक व्यापारी से 24 हजार रुपए की झपटमारी कर दी। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक ग्राम मोहदा निवासी कार्तिक धीवर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बाजार-बाजार घूमकर आलू-प्याज बेचने का व्यवसाय करता है। शुक्रवार को अपने पिता श्यामलाल धीवर के साथ तरपोंगी साप्ताहिक बाजार में आलू-प्याज बिक्री कर रहा था। इस बीच शाम 4.30 से 5 बजे के बीच दो युवक आलू-प्याज खरीदने के बहाने उसके दुकान पर बाए और बातचीत में उलझा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आए एक अन्य युवक ने उसके पैसे रखे थैले को झपट लिया और मौके से फरार हो गया। झपटमारी के बाद आलू-प्याज खरीदने वाले दोनों युवक भी उसके साथ भाग गए। व्यापारी के पीछा किए जाने पर तीनों आरोपी बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर स्कूटी से फरार हो गए।
कार्तिक ने बताया कि थैले में घर से लाया गया 23 हजार रुपए और बिक्री के हजार रुपए कुल 24 हजार रखे थे। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध 304-2 का अपराध दर्ज किया है।
आसपास लगे सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


