रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 फरवरी। शहर में यातायात व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने जयस्तंभ चौक स्थित आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ई-चालान निर्माण प्रक्रिया एवं तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
पुलिस कमिश्नर ने यातायात अधिकारियों को निर्देशित किया कि कमिश्नरेट क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध केवल आईटीएमएस कैमरों के माध्यम से ही शत-प्रतिशत ई-चालान तैयार किए जाएँ। ई-चालान की सूचना वाहन स्वामियों को एसएमएस एवं व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी जाएगी।
उन्होंने कहा कि 90 दिनों के भीतर ई-चालान की जुर्माना राशि का भुगतान नहीं करने वालों के विरुद्ध नोटिस जारी कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही परिवहन विभाग से समन्वय कर ऐसे वाहनों के ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण, परमिट, फिटनेस, नामांतरण, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र जैसी सेवाओं को अस्थायी रूप से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। भुगतान के बाद ही सेवाएँ बहाल की जाएँगी।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि इस व्यवस्था से ई-चालान वसूली में वृद्धि होगी और वाहन चालकों में नियमों के प्रति जागरूकता आएगी, जिससे शहर में यातायात अनुशासन स्थापित होगा। उन्होंने मौके पर अनावश्यक चालान काटने से बचने तथा ई-चालान डिवाइस व आईटीएमएस सिस्टम के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया।
गंभीर उल्लंघनों जैसे नशे की हालत में वाहन चलाने एवं नो-एंट्री उल्लंघन के मामलों में मौके पर एल्कोमीटर जांच कर चालान तैयार कर न्यायालय भेजने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान एल एंड टी कंपनी के मैनेजर दीपक मालवीय को खराब कैमरों एवं सिग्नलों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं आईटीएमएस स्टाफ उपस्थित रहे।


