रायपुर

धान खरीदी में 7 लाख की हेराफेरी, डॉक्टर से भी 83 हजार का फ्राड
01-Feb-2026 5:46 PM
धान खरीदी में 7 लाख की हेराफेरी, डॉक्टर से भी 83 हजार का फ्राड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 फरवरी। कृषि सहकारी समिति मर्यादित कुम्हारी में धान खरीदी के दौरान अनियमितता का मामला सामने आया है। समिति प्रभारी पर फर्जी तरीके से 746 बोरी धान चढ़ाकर 7,06,909.60 की हेराफेरी करने का आरोप लगा है। मामले मेें उरला पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति कुम्हारी, पंजीयन क्रमांक 1383 में ग्राम कुम्हारी, चिखली, पठारीडीह एवं कन्हेरा के किसानों से धान खरीदी की जाती है। धान खरीदी का पूरा लेखा-जोखा समिति प्रभारी कृष्णा साहु के जिम्मे रहता था। जबकि ऑनलाइन एंट्री का काम कम्प्यूटर ऑपरेटर द्वारा किया जाता है। 20 जनवरी को कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं शासन के नियुक्त नोडल अधिकारी श्रीमती श्रृखला शर्मा ने लिखित सूचना दी गई कि समिति प्रभारी द्वारा 746 बोरी धान की हेराफेरी की गई है। इसके बाद 30 जनवरी को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक धरसीवां के प्रबंधक एवं विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में धान खरीदी से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई।

जांच में सामने आया कि किसान आलोक कुमार शर्मा ने 21 जनवरी 2026 को केवल 28 बोरा मोटा धान और  76 बोरा सरना धान, कुल 104 बोरी तौल के लिए लाया था। जबकि समिति प्रभारी कृष्णा साहु ने तौल पत्रक व धान खरीदी पंजी में 850 बोरी धान दर्शाते हुए फर्जी प्रविष्टि की गई और इसके एवज में 7,06,909.60 की राशि किसान के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी गई।

इस बीच वहां कार्यरत हमालों एवं कर्मचारियों के बयान में भी पुष्टि हुई कि किसान ने केवल 104 बोरी धान ही लाया गया था। वहीं नोडल अधिकारी ने भी फर्जी धान चढ़ाने की जानकारी से इंकार किया है। वहीं किसान आलोक शर्मा ने अपने लिखित बयान में कहा कि यदि अतिरिक्त राशि उनके खाते में आई है तो वह उसे वापस करने को तैयार हैं। मामले में समिति प्रभारी कृष्णा साहु ने अपने बयान में स्वीकार किया है कि उनसे भूलवश 104 बोरी के स्थान पर 850 बोरी की पावती हो गई।

प्राधिकृत अधिकारी जागेश्वर प्रसाद वर्मा ने थाना उरला में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

सयाजी होटल में टेबल बुकिंग के नाम पर ठगी

राजधानी में एक डॉक्टर के साथ साइबर ठगी हो गई। ठग ने होटल में ऑनलाइन टेबल बुकिंग के नाम पर 83,454 की धोखाधड़ी की। डॉक्टर ने मामले की शिकायत थाना पंडरी एवं साइबर सेल में दर्ज कराई है।

डॉ. सिद्धार्थ नंदा निवासी व्हीआईपी करिश्मा अपार्टमेंट, शंकर नगर ने बताया कि, वे पेशे से डॉक्टर हैं और एम्स अस्पताल में कार्यरत हैं। 30 जनवरी को शाम 7.31 बजे उन्होंने सयाजी होटल रायपुर में खाना खाने के लिए ऑनलाइन टेबल बुक करने के लिए गूगल पर नंबर सर्च किया था। इसके बाद दिए गए मोबाइल नंबर 88109-37146 पर कॉल किया। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को होटल से संबंधित बताते हुए 1000 रिजर्वेशन अमाउंट की मांग की। अज्ञात व्यक्ति ने बुकिंग के नाम पर डॉक्टर से उनके अमेरिकन एक्सप्रेस क्रेडिट कार्ड का नंबर लेकर कुछ ही मिनटों में 6-7 ओटीपी भेजकर दबाव बनाया। तब डॉक्टर ने ठगी की आशंका होने पर ओटीपी नहीं बताया और तत्काल मोबाइल एप के माध्यम से अपना क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करवा दिया। इसके बावजूद, शाम 7.41 बजे उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि उनके क्रेडिट कार्ड से 83,454 फ्लिपकार्ट ऑनलाइन पीजी के नाम पर ट्रांजेक्शन हो गए। घटना के तुरंत बाद डॉक्टर ने अमेरिकन एक्सप्रेस बैंक के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई, साथ ही साइबर सेल में भी शिकायत की।  पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।

और इधर अमानत में खयानत...

मौदहापारा इलाके में गबन का मामला सामने आया है। व्यापारी आदर्श किंगरानी ने अपने ही कर्मचारी पर नकद राशि एवं स्कूटी लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत उसने मौदहापारा में दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक आदर्श किंगरानी बाम्बे मार्केट, मौदहापारा में नेताजी बाशा का संचालन करते हैं। 29 जनवरी को उन्होंने अपने दुकान के कर्मचारी राजेन्द्र सारथी उर्फ रमेश, जो मार्केटिंग का कार्य करता था, को 25 हजार रूपए बैंक में जमा करने के लिए बैंक ऑफ महाराष्ट्र, कटोरा तालाब भेजा था। इसके लिए उसे अपनी स्कूटी भी दी । आदर्श ने बताया कि कर्मचारी न तो बैंक में पैसा जमा करने पहुंचा और न ही वापस दुकान लौटा। देर शाम तक राजेंन्द्र के वापस नहीं आने पर उसने उसके घर और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। राजेंद्र ने प्रतिष्ठान से कुल 70,000 और  एक्टिवा लेकर फरार हो गया है। शक में व्यापारी ने थाना मौदहापारा पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर फरार कर्मचारी की तलाश शुरू कर दी गई है।


अन्य पोस्ट