रायपुर
लोकभवन में सशस्त्र सेना झण्डा दिवस समारोह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 दिसंबर। सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर लोकभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम में गौरवपूर्ण समारोह आयोजित किया गया। राज्यपाल रमेन डेका ने इस अवसर पर कहा कि सैनिक निस्वार्थ भाव से हमेशा देश की रक्षा के लिए तैयार रहते है।उनके कारण ही हमारा जीवन और संपत्ति सुरक्षित है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने 2 लाख रूपए की सहयोग राशि राज्य बोर्ड को प्रदान की।
कार्यक्रम में राज्यपाल ने सभी शहीदों की वीर नारियों एवं माताओं, आश्रितों को सम्मान राशि और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। वीरता अलंकरण प्राप्त सैनिकों और झण्डा दिवस के अवसर पर विशेष योगदान देने वाले दानदाताओं का सम्मान भी किया। श्री डेका ने अपने प्रसन्नता व्यक्त की कि झण्डा दिवस निधि से लगभग 27 महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है जिनके माध्यम से पूर्व सैनिकों और आश्रित परिवारों को निरंतर सहायता मिल रही है।
समारोह की शुरूआत में शहीद सैनिकों को पुष्पांजलि और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन अनिल कुमार शर्मा ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु के संदेश का वाचन किया। राज्य बोर्ड के संचालक ब्रिगेडियर विवेक शर्मा ने झण्डा दिवस निधि से किए जा रहे कार्यो की जानकारी दी।
जिला स्तर पर सबसे ज्यादा राशि (18 लाख)के अंशदान के लिए कलेक्टर रायपुर गौरव कुमार सिंह एवं जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन अनिल कुमार शर्मा को प्रथम पुरूस्कार, कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह एवं सैनिक कल्याण अधिकारी दुर्ग को द्वितीय पुरूस्कार एवं राज्यपाल ट्राफी प्रदान की गई। इस अवसर पर राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के ब्रोशर संक्षेपिका-2025 का भी विमोचन किया गया। एन.सी.सी. कैडेटों ने ओजपूर्ण देश भक्ति गीत प्रस्तुत किये। कार्यक्रम में गृह विभाग के एसीएस मनोज पिंगुआ, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, डीजीपी अरूण देव गौतम, विधिक सलाहकार भीष्म प्रसाद पाण्डेय, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) संजय शर्मा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, सेवारत् तथा भूतपूर्व सैनिक एवं उनके परिजन उपस्थित थे।


