रायपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 जुलाई। छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल शेखर दत्त के निधन पर आज राजभवन में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि हमने सच्चे राष्ट्रसेवक, संवेदनशील प्रशासक और एक महान व्यक्ति को खो दिया है।
पूर्व राज्यपाल शेखर दत्त के निधन पर राजभवन में शोक सभा का आयोजन किया गया। राज्यपाल रमेन डेका ने स्वर्गीय श्री दत्त के छायाचित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित की। राजभवन के अधिकारियों-कर्मचारियों ने मृतात्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन धारण किया। राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि वे केवल एक उच्चपदस्थ अधिकारी नहीं थे, बल्कि एक वीर सैनिक और एक संवेदनशील जनसेवक भी थे। राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर प्रसन्ना ने श्री शेखर दत्त के जीवन परिचय एवं उनके कार्यो का स्मरण किया। इस अवसर पर राज्यपाल के विधिक सलाहकार भीष्म प्रसाद पाण्डेय, उप सचिव श्रीमती हिना अनिमेष नेताम एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
सीएम विष्णु देव साय ने अपनी श्रद्धांजलि में कहा कि श्री दत्त एक कुशल प्रशासक, दूरदर्शी नेता और देश सेवा के प्रति पूर्णत: समर्पित व्यक्तित्व थे। अपने लम्बे प्रशासनिक अनुभव और अद्भुत कार्यकुशलता से उन्होंने छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वर्गीय श्री दत्त जी का जीवन सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट जनसेवा के आदर्श मूल्यों से परिपूर्ण था।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि श्री दत्त ने छत्तीसगढ़ राज्य में राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सुशासन और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका सादगीपूर्ण जीवन, प्रशासनिक अनुभव और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका निधन देश और छत्तीसगढ़ की अपूरणीय क्षति है।