रायपुर

प्रदेश अध्यक्ष कोई भी बने, कांग्रेस इसी हाल में रहेगी-साव
15-Jan-2026 9:05 PM
प्रदेश अध्यक्ष कोई भी बने, कांग्रेस इसी हाल में रहेगी-साव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 जनवरी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज  पत्रकारों से चर्चा में प्रदेश कांग्रेस  अध्यक्ष के चुनाव पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस आज भी एक परिवार तक सीमित पार्टी बनकर रह गई है। आपसी लड़ाई के कारण कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों को नुकसान पहुंचाया है। कर्नाटक सहित अन्य राज्यों की जनता इसके परिणाम भुगत रही है। कोई भी पदाधिकारी बन जाए, कांग्रेस को कुछ फायदा होने वाला नहीं है। 

वहीं ज्वेलरी दुकान में बिना बुर्का के प्रवेश को लेकर पूछे गए सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय सराफा एसोसिएशन का है। कांग्रेस को इस विषय में एसोसिएशन से चर्चा करनी चाहिए।

कांग्रेस धान खरीदी को लेकर कांग्रेस पर लगातार भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए साव ने सच्चाई यह है कि राज्य सरकार किसानों से नियमित रूप से धान की खरीदी कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट कर दिया है कि सभी पात्र किसानों से पात्रता अनुसार एक-एक दाना धान खरीदा जाएगा। किसानों को किसी भी प्रकार के संशय में पडऩे की आवश्यकता नहीं है। यह किसान हितैषी सरकार है, जबकि कांग्रेस सरकार ने किसानों को ठगने और धोखा देने का काम किया है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि साय सरकार में अब बस्तर बदल रहा है।अब नक्सलवाद के कमजोर होने से लोक निर्माण विभाग और पंचायत विभाग बिना सुरक्षा बल के भी सडक़ निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बस्तर में सडक़ों का व्यापक नेटवर्क तैयार होगा। सडक़ केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास का मार्ग है। सडक़ बनने से बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य मूलभूत सुविधाएं आम लोगों तक पहुंचेंगी। बस्तर में तेज गति से विकास एक शुभ संकेत है।

श्री साव ने कहा कि राज्य में अधिकांश सडक़ों की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। कांग्रेस धरातल पर जाकर देखे, केवल बयानबाजी करने से कुछ नहीं होगा।


अन्य पोस्ट