रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 सितंबर। टीम दीपक बैज को लेकर विवाद या प्रश्न चिन्ह उठाने का सिलसिला जारी है। संयुक्त महासचिव की लंबी सूची आने के बाद राजीव भवन में इस बात की चर्चा है कि प्रदेश प्रभारी सैलजा के निर्देशों का भी पालन नहीं किया गया।
सैलजा ने कहा था कि सरकारी निगम, मंडल के अध्यक्ष, सदस्यों को संगठन में नहीं लिया जाएगा। लेकिन किसी को सी एम और मंत्री की निकटता की वजह से तो किसी को अन्यान्य कारणों से ले लिया गया। जो नेता संगठन में काम करने के इच्छुक थे उनको भी अवसर नहीं मिला। ऐसे एक बड़े वर्ग में नाराजगी घर कर गई।
कांग्रेस के ही एक नेता और अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने स्वयं कहा था कि सूची असंतुलित है। इसमें न जातिय न क्षेत्रीय संतुलन है। यहां तक कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक दीपक दुबे को उपाध्यक्ष बनाया गया । इस नाम को लेकर विधायक अरुण वोरा ने भी आपत्ति जताई थी।
सैलजा की घोषणा के मुताबिक गिरीश दे वाम गन, रामगोपाल अग्रवाल, अटल श्रीवास्तव के नाम कट रहे थे लेकिन प्रभारी की बातों को ताक पर रख दिया गया । यहां तक कि उन्होंने स्वयं भी लिस्ट को मंजूरी देते समय आंख बंद कर लिया। अभी दो दिन पहले घोषित संयुक्त सचिव की लंबी सूची में भी कई निगम मंडल पदाधिकारी शामिल किए गए। इनमें शिव सिंह ठाकुर,विनोद तिवारी,अजय साहू,शारिक रईस खान,आलोक चंद्राकर,पार्वती साहू,शेष राज हरवंश, आलोक चन्द्राकर, छविंद्र कर्मा शामिल हैं।
पूर्व में जारी सूची में राजेन्द्र साहू दुर्ग,शगिर कुरैशी,निखिल द्विवेदी,नरेश ठाकुर, नेविदिता चटर्जी भी हैं। इनकी वजह से कई नए और पुराने नेताओं को जगह नहीं मिल पाई जबकि चुनाव के समय इन्हें लेकर नाराजगी दूर की जा सकती थी।